Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Jun, 2026 07:37 PM

डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में जीएमडीए, नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
गुड़गांव, (ब्यूरो): डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में जीएमडीए, नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बंधवाड़ी स्थित लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण कार्य की समीक्षा करते हुए डीसी ने इसकी प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 3000 मीट्रिक टन प्रतिदिन की प्रोसेसिंग क्षमता को बढ़ाकर दोगुना किया जाए, ताकि वर्षों से जमा पुराने कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
बैठक के दौरान डीसी ने अधिकारियों को बंधवाड़ी में जमा लिगेसी वेस्ट का दोबारा सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ड्रोन आधारित असेसमेंट के माध्यम से कचरे की वास्तविक मात्रा और वर्तमान स्थिति का सटीक आकलन किया जाए, जिससे आगे की कार्ययोजना को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फ्रेश वेस्ट के निस्तारण के लिए अलग स्थान चिन्हित करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पुराने और नए कचरे के प्रबंधन को अलग-अलग तरीके से संचालित किया जा सके। बैठक में बीडब्ल्यूजी द्वारा उत्पन्न कचरे के प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। डीसी ने निर्देश दिए कि बीडब्ल्यूजी अपने कचरे का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार स्वयं सुनिश्चित करें, जिससे नगर निगम की कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।
बैठक में गुरुग्राम नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम (उत्तर) की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर, एमसीजी के तहसीलदार हरकेश गुप्ता, एमसीजी के ईई संदीप सिंह, जीएमडीए के ईई विभोर दुहन तथा जीएमडीए के एसडीई शमशेर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।