ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर तीसरी आंख का पहरा, 1000 नए कैमरे लगेंगे

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 14 Oct, 2026 08:55 PM

more than one thousand camera will install for traffic monitoring

शहर की सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोड़कर निकलना अब आसान नहीं होगा। रेड लाइट जंप करने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग और बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए गुरुग्राम में सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क और मजबूत किया जा रहा...

गुड़गांव, (ब्यूरो): शहर की सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोड़कर निकलना अब आसान नहीं होगा। रेड लाइट जंप करने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग और बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए गुरुग्राम में सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क और मजबूत किया जा रहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए ), मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) और गुरुग्राम पुलिस मिलकर निगरानी व्यवस्था का विस्तार करेंगे। इसके तहत मारुति सुजुकी के दूसरे चरण में 70 चौराहों पर 1000 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और स्पीड रडार लगाए जाएंगे।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

इस संबंध में तीनों संस्थाओं के बीच समझौता हुआ है। दूसरे चरण में मानेसर आईएमटी, सोहना रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, सुशांत लोक, कन्हई और पालम विहार सहित प्रमुख क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। कुल 9 प्रमुख सड़क कॉरिडोर के करीब 65 किलोमीटर हिस्से में निगरानी बढ़ाई जाएगी। जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि तकनीक आधारित निगरानी से ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत होगा और सड़क सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। विस्तारित कैमरा नेटवर्क को जीएमडीए के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से जोड़ा जाएगा। इससे ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने, संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

 

मारुति ने पहले चरण में 365 कैमरे और 29 स्पीड रडार लगाए

मारुति सुजुकी की परियोजना के पहले चरण में 23 प्रमुख चौराहों और 4 प्रमुख सड़कों पर 365 सीसीटीवी कैमरे तथा 29 स्पीड रडार लगाए जा चुके हैं। इनमें सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर ), गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, साइबर सिटी से गोल्फ कोर्स रोड के बीच का क्षेत्र, एमजी रोड और ओल्ड दिल्ली रोड शामिल हैं। इस नेटवर्क में नंबर प्लेट पहचानने वाले 285 एएनपीआर कैमरे, रेड लाइट उल्लंघन पकड़ने वाले 39 आरएलवीडी कैमरे, 24 सामान्य निगरानी कैमरे और 17 पीटीजेड कैमरे शामिल हैं।

 

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, कॉरपोरेट अफेयर्स राहुल भारती ने कहा कि तकनीक के माध्यम से हेलमेट के बिना वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, रेड लाइट उल्लंघन, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में ड्राइविंग जैसी समस्याओं पर कार्रवाई में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए जिम्मेदार ड्राइविंग, प्रभावी ड्राइविंग लाइसेंस टेस्टिंग और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है।

 

जीएमडीए भी अपने स्तर पर दूसरे चरण में लगा रहा 2722 कैमरे

मारुति की परियोजना के साथ जीएमडीए अपने शहरव्यापी सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क का दूसरा चरण भी आगे बढ़ा रहा है। इसके तहत गुरुग्राम, मानेसर और विस्तारित क्षेत्राधिकार में 258 स्थानों पर 2722 अतिरिक्त कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनमें 1406 एएनपीआर , 102 आरएलवीडी , 74 पीटीजेड , 759 सामान्य निगरानी, 347 फेस रिकग्निशन कैमरे और 20 स्पीड रडार शामिल हैं।

 

जीएमडीए पहले चरण में 1200 कैमरे लगा चुका है। सीईओ पी.सी. मीणा ने संबंधित अधिकारियों को दूसरे चरण का काम तेजी से पूरा करने और आईसीसीसी के साथ प्रभावी एकीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। दोनों परियोजनाओं के विस्तार से ट्रैफिक उल्लंघनों की पहचान, तकनीक आधारित चालान और सड़क सुरक्षा संबंधी कार्रवाई को मजबूती मिलने की उम्मीद है। बैठक में मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राहुल भारती, एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (सीएसआर)तरुण अग्रवाल तथा जीएमडीए और मारुति सुजुकी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इन 9 प्रमुख मार्गों पर बढ़ेगी निगरानी

1. मारुति सर्कल, मानेसर

2. कुमा स्टील–आधार बिल्डिंग, मानेसर

3. सेक्टर-90 रोड

4. जोतराम चौक–सैफायर मॉल चौक–गढ़ी पटौदी

5. न्यू कॉलोनी से मोर चौक

6. सुशांत लोक ट्रैफिक टावर से सेक्टर-17 सुखराली चौक, सेक्टर-29 थाना और साउथ सिटी-I टी-प्वाइंट होते हुए

7. कन्हई गांव से पारस अस्पताल

8. उस्मान चौक से अंजुमन मस्जिद टी-प्वाइंट

9. सेक्टर-21/22 स्थित ताऊ देवी लाल पार्क से कृष्णा चौक, पालम विहार

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!