Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 15 May, 2026 08:37 PM

नगर निगम गुरुग्राम एवं यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में “नई सोच – नया शहर, स्वच्छ हरियाणा” अभियान के अंतर्गत यूरो इंटरनेशनल स्कूल में “प्लास्टिक लाओ, थैला ले जाओ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम एवं यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में “नई सोच – नया शहर, स्वच्छ हरियाणा” अभियान के अंतर्गत यूरो इंटरनेशनल स्कूल में “प्लास्टिक लाओ, थैला ले जाओ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा लाई गई खाली प्लास्टिक बोतलों के बदले सीएसआर के माध्यम से कपड़े के थैले वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्लास्टिक के पुनः उपयोग एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों से कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपने घरों में चार अलग-अलग कूड़ेदान रखने तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतें ही बड़े बदलाव का आधार बनती हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि आज से ही बच्चे जागरूक होंगे तो आने वाला समाज अधिक स्वच्छ एवं सुरक्षित होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने स्वच्छता शपथ ली तथा प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों से अपने घरों, स्कूलों एवं आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया गया।