Edited By Krishan Rana, Updated: 25 May, 2026 06:38 PM

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल आज सामाजिक कार्यकर्ता एवं बीबीपुर के पूर्व सरपंच सुनील जागलान के
बीबीपुर (अमनदीप पिलानिया): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल आज सामाजिक कार्यकर्ता एवं बीबीपुर के पूर्व सरपंच सुनील जागलान के पैतृक गांव में उनके घर पहुंचे। उन्होंने सुनील जागलान के घर पहुंचकर उनके वैश्विक स्तर पर चर्चित “सेल्फी विद डॉटर” अभियान की सराहना की और “गाली बंद घर” अभियान को नई दिशा देने वाले प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
मनोहर लाल ने कहा कि “सेल्फी विद डॉटर” अभियान ने “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” को पूरे देश में सबसे अधिक गति प्रदान की है। उन्होंने सुनील जागलान द्वारा शुरू किए गए “गाली बंद घर” अभियान की भी सराहना करते हुए विभिन्न राज्यों में गाली देने की प्रवृत्ति पर सुनील जागलान के सर्वे पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विभिन्न प्रदेशों में गाली देने की प्रतिशतता को लेकर जागरूकता फैलाने वाले इस अभियान को समाज सुधार का अनूठा प्रयास बताया।
सुनील जागलान ने मनोहर लाल के इस सौहार्दपूर्ण भेंट का स्वागत करते हुए कहा, “माननीय मनोहर लाल जी हमेशा की तरह आज भी मेरे हौसले को बढ़ाने आए। वे घर आकर पूरे परिवार से मिले और अभियानों की विस्तृत जानकारी ली।” जागलान ने बताया कि मनोहर लाल जी सामाजिक मुद्दों में गहरी रुचि रखते हैं और समय-समय पर उनका मार्गदर्शन करते रहते हैं तथा एआई सेल्फी विद डॉटर अभियान की भी पूरी जानकारी ली।
इस दौरान मनोहर लाल ने सुनील जागलान की बेटियों नंदिनी जागलान और याचिका जागलान से भी विशेष रूप से बातचीत की। उन्होंने दोनों बालिकाओं द्वारा छोटी उम्र से ही सामाजिक कार्यों में रुचि दिखाने की प्रशंसा की और आशीर्वाद दिया। मनोहर लाल ने कहा, “तुम्हें अपनी पहचान के आगे नए-नए अभियान शुरू करने हैं, जिससे समाज को नई दिशा मिल सके।”
सुनील जागलान अब तक सौ से अधिक सामाजिक अभियान चला चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने उनके कार्यों की सराहना मन की बात कार्यक्रम सहित विभिन्न मंचों पर 10 बार से अधिक की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी “सेल्फी विद डॉटर” अभियान ने भारत की सकारात्मक छवि को मजबूत किया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)