केंद्रीय बजट में राज्य के विकास का लेखा-जोखा लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचे मनोहर लाल खट्टर!

Edited By Manisha rana, Updated: 08 Feb, 2026 06:53 PM

manohar lal khattar reached chhattisgarh

केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ के विकास का लेखा-जोखा लेकर रविवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे।

नई दिल्ली (संजय अरोड़ा) : केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ के विकास का लेखा-जोखा लेकर रविवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जहां पार्टी के नेताओं व कार्यकत्र्ताओं से बातचीत के दौरान बजट में शामिल की गई जनहितैषी नीतियों से अवगत करवाया वहीं उन्होंने मीडिया से बातचीत दौरान बजट को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित अनेक स्थानीय नेताओं ने स्वागत किया। रायपुर में आयोजित प्रैस वार्ता दौरान केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 2 लाख 80 हजार मकान स्वीकृत किए गए थे। 2 लाख 60 हजार मकानों का काम प्रगति पर है। इसके लिए 4 हजार करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। इसमें से 3550 करोड़ रुपए जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के अंतर्गत 25 हजार मकान स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह से शहरी स्ट्रीट वैंडर योजना के तहत रेहड़ी-फेरी वालों को पहले तीन किश्तों में 10 हजार, 20 हजार रुपए एवं 50 हजार रुपए दिए जाते थे। अब यह राशि बढ़ाकर क्रमश 15 हजार, 25 हजार रुपए एवं 60 हजार रुपए कर दी गई है। छत्तीसगढ़ में इस योजना के तहत 1 लाख 52 हजार पात्रों को इस योजना का लाभ दिया गया है।

PunjabKesari

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने बताया कि पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 414 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि जहां देशभर में लाइन लोस 15 प्रतिशत है, वो छत्तीसगढ़ में 14 प्रतिशत है। पहले यहां लाइन लोस काफी था, जिसे छत्तीसगढ़ सरकार ने कम किया है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मिटरिंग योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 56 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में एन.टी.पी.सी. की परियोजनाओं के तहत 7754 मैगावाट क्षमता बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस कड़ी में प्रदेश में 40 हजार करोड़ रुपए का निवेश हुआ है और छत्तीसगढ़ में परमाणु बिजली तापघर का प्रस्ताव आया है। इसके लिए जमीन चयन की प्रक्रिया चल रही है। 

भारत के उज्जवल भविष्य की नींव को सशक्त करेगा बजट: मनोहर लाल

इसी तरह से केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने फेसबुक पर लिखा कि ‘आज रायपुर में केंद्रीय बजट संवाद कार्यक्रम में सहभागिता करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। केंद्रीय वित मंत्री द्वारा वर्ष 2026-27 का बजट अपार अवसरों को नया पंख देने वाला बजट है, यह बजट वर्तमान के सपनों को साकार तो करता ही है साथ ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को भी सशक्त करता है। इस बजट में मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई रफ़्तार के लिए महत्वाकांक्षी रोडमैप प्रस्तुत करता है, जिसमें नई उभरती इंडस्ट्रीज़ को अभूतपूर्व समर्थन दिया गया है, चाहे वह सैमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलैक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम, रेयर अर्थ कॉरिडोर का निर्माण, टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान और शहरों को मज़बूत आर्थिक आधार देने के लिए म्युनिसिपल बॉन्ड्स को बढ़ावा देना हो यह बजट सभी सैक्टर्स की जरूरतों को पूर्ण करता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह फ्यूचरिस्टिक एवं संवेदनशील बजट सुनियोजित बदलाव और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है।’ अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डा. रमन सिंह से भी मुलाकात की और इस बारे में फेसबुक पर लिखा कि ‘भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह से आज उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट हुई। इस दौरान प्रदेशहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।’

PunjabKesari

छत्तीसगढ़ में हवाई, रेल और सडक़ कनैक्टिविटी को मिलेगी नई गति

केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय बजट को लेकर कहा कि इससे छत्तीसगढ़ में हवाई, रेल और सडक़ कनैक्टिविटी को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अब देश जर्मनी को पीछे छोडऩे की दिशा में आगे बढ़ रहा है। दुनिया के 4-5 प्रमुख देशों में भारत का नाम मजबूती से लिया जा रहा है, जो मजबूत आर्थिक नीतियों का परिणाम है। मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि छत्तीसगढ़ में हवाई कनैक्टिविटी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर से हवाई सेवाएं शुरू की गई हैं। इसके साथ ही रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल को कृषि उड़ान योजना में शामिल किया गया है, जिससे कृषि उत्पादों का तेजी से परिवहन संभव हो सकेगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 2014 के बाद से छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। अब तक 3,400 किलोमीटर से अधिक सडक़ों का निर्माण किया जा चुका है। भारतमाला परियोजना के तहत राज्य में 571 किलोमीटर से अधिक नैशनल हाईवे कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण, वेयरहाउसिंग के विस्तार और डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना पर भी काम किया जाएगा। कैपिटल ग्रुप्स बढ़ाने और हाईटेक मशीनरी निर्माण के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे छत्तीसगढ़ विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा। 

रेलवे के विकास के लिए छत्तीसगढ़ को मिले 7,470 करोड़

केंद्रीय बजट के प्रावधानों का जिक्र करते हुए खट्टर ने कहा कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चरको मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। सैमीकंडक्टर मिशन के लिए 10 हजार करोड़ रुपए और इलेक्ट्रॉनिक्स सैक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। इसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन के रूप में मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण, वेयरहाउसिंग का विस्तार और डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना पर भी तेजी से काम किया जाएगा। इन सभी योजनाओं से छत्तीसगढ़ विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में छत्तीसगढ़ को रेलवे विकास के लिए सात हजार 470 करोड़ का ऐतिहासिक आवंटन मिला है, जो राज्य की रेल कनैक्टिविटी और क्षमता को बढ़ाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!