Edited By Krishan Rana, Updated: 12 Apr, 2026 01:10 PM

कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में अमेरिका से लौटे युवक साहिल की थार से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में अमेरिका से लौटे युवक साहिल की थार से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान इस्माइलाबाद निवासी दीपांशु के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी हरिद्वार फरार हो गया था। इससे पहले पुलिस ने आरोपी की मदद करने वाले एजेंट सोमनाथ को भी गिरफ्तार किया था।
पुलिस को दी शिकायत में गुरु गोबिंद सिंह कॉलोनी इस्माइलाबाद निवासी शैमिन पंजरथ ने बताया कि उसका साला साहिल कुमार 29 मार्च की रात एक शादी समारोह में शामिल होने आया हुआ था। उसी कार्यक्रम में कॉलोनी का ही दीपांशु भी मौजूद था। दोनों DJ पर डांस कर रहे थे, इसी दौरान गाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था।
शैमिन के अनुसार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 12:40 बजे वह अपने साले साहिल कुमार, दोस्त सिमरदीप सिंह, रमन नागपाल और विपुल बजाज के साथ हाईवे पर चम्मू चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान सामने से आई काली थार ने साहिल और उसे जोरदार टक्कर मार दी।
आरोप है कि टक्कर मारने के बाद दीपांशु ने गाड़ी उनके पास रोकी और शीशा नीचे किया। जब शैमिन ने उससे पूछा कि क्या वह जान से मारना चाहता है, तो आरोपी ने कहा कि “अच्छा बच गया” और फिर गाड़ी को पीछे लेकर दोबारा साहिल के ऊपर तीन बार थार चढ़ा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल साहिल को तुरंत अंबाला के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि साहिल करीब एक से डेढ़ महीने पहले ही अमेरिका से अपने घर लौटा था। अमेरिका जाने के बाद यह उसका पहला भारत दौरा था और वह वहां एक स्टोर पर काम करता था।
इस्माइलाबाद थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने 5 अप्रैल को दीपांशु को छिपने में मदद करने वाले सोमनाथ को गिरफ्तार किया था, जिसने आरोपी को पैसे भी मुहैया कराए थे। अब मुख्य आरोपी दीपांशु को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट के आदेश पर उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)