मनोहर लाल और चंद्रबाबू नायडू की अहम बैठक, विशाखापत्तनम मेट्रो समेत अधोसंरचना परियोजनाओं को गति देने पर मंथन

Edited By Isha, Updated: 23 Jul, 2026 07:25 PM

key meeting between manohar lal and chandrababu naidu

केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई इस महत्वपूर्ण बैठक

चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी): केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में आंध्र प्रदेश के अधोसंरचना विकास से जुड़े अनेक अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य फोकस राज्य में चल रही और प्रस्तावित आधारभूत परियोजनाओं को गति देने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहा।

बैठक के दौरान विशेष रूप से विशाखापत्तनम मेट्रो रेल परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। परियोजना के वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक पक्षों पर चर्चा करते हुए इसे समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के उपायों पर भी सहमति बनी। दोनों नेताओं ने माना कि विशाखापत्तनम तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक और आर्थिक केंद्र है, जहां आधुनिक एवं सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। मेट्रो परियोजना के क्रियान्वयन से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित, तेज तथा सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा।

बैठक में आंध्र प्रदेश के समग्र अधोसंरचना विकास, शहरी परिवहन, आवास, सड़क संपर्क, ऊर्जा क्षेत्र और अन्य विकास परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए दोनों सरकारों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के प्रत्येक राज्य के संतुलित और समावेशी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और राज्य में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी तथा प्रदेश के नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास के लिए दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से राज्य में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से विशाखापत्तनम मेट्रो परियोजना को राज्य के शहरी विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके शीघ्र क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक के अंत में दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल एवं सहयोग से आंध्र प्रदेश में अधोसंरचना विकास की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ेंगी। इससे प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी यह बैठक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!