Edited By Manisha rana, Updated: 08 Mar, 2025 07:41 AM

नगर निगम पानीपत के चुनाव 9 मर्च को हाेंगे। चुनाव आयोग ने सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए हैं। निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो जाएगा।
पानीपत (ब्यूरो) : नगर निगम पानीपत के चुनाव 9 मर्च को हाेंगे। चुनाव आयोग ने सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए हैं। निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो जाएगा। शनिवार को दिन भर प्रत्याशी अपने बूथ एजैंटों व मतदाताओं को मत पर्ची पहुंचाने का काम करेंगे। एक पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने तो कई दिन पहले ही मत पर्ची लोगों के घरों तक पहुंचा दी है। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने भी मतदान को लेकर आवश्यक तैयारियां की हुई हैं।
वहीं जिलाधीश डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर 9 मार्च को होने वाले निगम चुनाव के दृष्टिगत शहरी क्षेत्र के सभी उद्योग, फैक्ट्रियों, मॉल, सिनेमा हॉल और दुकानें बंद करने के निर्देश दिए हैं ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा मतदान कर सकें। उक्त आदेशों की पालना के दृष्टिगत संयुक्त-आयुक्त नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, जीएम डीआईसी और श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पाबंदियां
- जिलाधीश वीरेन्द्र कुमार दहिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आर्य पीजी कॉलेज जीटी रोड़ की 200 मीटर की परिधि में 5 या 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।
- यह आदेश आर्य पीजी कॉलेज के खेल परिसर में ई.वी.एम. के रखे होने के और उनकी सुरक्षा के दृष्टिगत जारी किए गए हैं। जिलाधीश वीरेन्द्र कुमार दहिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत 9 मार्च को होने वाले मतदान और 12 मार्च को होने वाली निगम चुनाव की मतगणना के दृष्टिगत आदेश जारी किए है।
- आदेशानुसार मतदान के दिन मतदान केन्द्र में मतदाता के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति के खड़े होने पर पाबन्दी रहेगी। मतदान केन्द्र में अधिकृत व्यक्ति को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा मतदान केन्द्र और मतगणना केन्द्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के फोन/सैल्यूलर/मोबाइल, कोडलैस फोन, वायरलैस सैट इत्यादि लाने-लेजाने पर पाबन्दी रहेगी।
4,11,038 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दहिया ने बताया कि निगम पार्षद व मेयर के चुनाव को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार को सभी पोलिंग पार्टियों को सामान वितरित करके रवाना किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निगम व पार्षद के इस चुनाव में 26 वार्डों के लिए 4,11,038 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,92,164 महिला, 2,18,861 पुरुष मतदाता व 13 ट्रांसजैंडर हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 26 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए 365 बूथ बनाए गए हैं जहां सभी प्रकार की सुविधा मुहैया कराई गई है। शौचालय, पीने के पानी की व्यवस्था की गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)