मुंबई में आदित्य ठाकरे से मिले हरियाणा शिवसेना प्रमुख हरकेश शर्मा, प्रदेश की गतिविधियों की दी विस्तृत रिपोर्ट

Edited By Manisha rana, Updated: 13 Jun, 2026 12:50 PM

haryana shiv sena chief harkesh sharma met aditya thackeray in mumbai

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के युवा नेता एवं विधायक आदित्य ठाकरे के जन्मदिन के अवसर पर हरियाणा शिवसेना के प्रदेशाध्यक्ष हरकेश शर्मा विशेष रूप से मुंबई पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

चंडीगढ़ (धरणी) : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के युवा नेता एवं विधायक आदित्य ठाकरे के जन्मदिन के अवसर पर हरियाणा शिवसेना के प्रदेशाध्यक्ष हरकेश शर्मा विशेष रूप से मुंबई पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हुई मुलाकात केवल औपचारिक बधाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि हरियाणा में शिवसेना के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक अभियानों, धार्मिक गतिविधियों और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों पर भी व्यापक चर्चा हुई।

हरकेश शर्मा ने आदित्य ठाकरे को हरियाणा प्रदेश में पार्टी द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिवसेना लगातार अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। गांव से लेकर शहरों तक संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

बैठक के दौरान हरकेश शर्मा ने हरियाणा में गौ-रक्षा के लिए गठित विशेष टास्क फोर्स की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए पार्टी कार्यकर्ता प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए चलाए जा रहे नशा मुक्ति जागरूकता अभियानों तथा दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चल रहे जनजागरण कार्यक्रमों की रिपोर्ट भी आदित्य ठाकरे को सौंपी गई।

हरकेश शर्मा ने कहा कि हरियाणा शिवसेना राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपनी प्राथमिकता मानती है। पार्टी का प्रयास है कि युवाओं को सकारात्मक दिशा मिले, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़े तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनमत तैयार हो। उन्होंने कहा कि विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से भी समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में शिवसेना स्वर्गीय Bal Thackeray के राष्ट्रवादी विचारों और जनहितकारी नीतियों का पूरी निष्ठा के साथ पालन कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता बालासाहेब ठाकरे के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को दिशा देने और मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर  आदित्य ठाकरे से मार्गदर्शन लिया जाता है, जिससे कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।

हरकेश शर्मा ने बताया कि हरियाणा में पार्टी लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को उठा रही है और आम लोगों के बीच अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही है। किसान, युवा, मजदूर, छोटे व्यापारियों और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े विषयों पर संगठन सक्रियता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में संगठन विस्तार के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे तथा जिला और ब्लॉक स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

मुलाकात के दौरान आदित्य ठाकरे ने हरियाणा इकाई द्वारा किए जा रहे सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की वास्तविक ताकत उनके कार्यकर्ता होते हैं और जनसेवा के माध्यम से ही जनता का विश्वास अर्जित किया जा सकता है। उन्होंने हरियाणा के कार्यकर्ताओं को समाज के बीच रहकर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि यह मुलाकात केवल जन्मदिन की औपचारिक शुभकामनाओं तक सीमित नहीं थी, बल्कि हरियाणा में शिवसेना के भविष्य के संगठनात्मक रोडमैप, सामाजिक अभियानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर भी महत्वपूर्ण रही। इससे हरियाणा और महाराष्ट्र के बीच संगठनात्मक समन्वय को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!