Edited By Krishan Rana, Updated: 03 Jun, 2026 01:29 PM

हरियाणा ने GST संग्रह के क्षेत्र में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा ने GST संग्रह के क्षेत्र में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य ने मई 2026 के दौरान राज्य जीएसटी (SGST) संग्रह की वृद्धि दर के मामले में देश के सभी राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है। हरियाणा में मई 2025 की तुलना में राज्य जीएसटी संग्रह में 22 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की गई है, जो देश में सबसे अधिक है।
अगर आंकड़ों की बात की जाए तो हरियाणा के बाद मेघालय 19 प्रतिशत वृद्धि दर के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कर्नाटक 17 प्रतिशत और गुजरात 16 प्रतिशत वृद्धि के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। यह उपलब्धि राज्य की मजबूत आर्थिक गतिविधियों और प्रभावी कर प्रशासन को दर्शाती है।
बता दें कि मई 2026 के लिए हरियाणा का शुद्ध राज्य जीएसटी संग्रह निपटान के बाद 4,456 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। यह पिछले वर्ष मई 2025 के संग्रह की तुलना में 807 करोड़ रुपये अधिक है। राज्य सरकार का मानना है कि बेहतर कर अनुपालन, डिजिटल निगरानी और आर्थिक गतिविधियों में तेजी के कारण राजस्व संग्रह में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों में भी हरियाणा ने देशभर में राज्य जीएसटी राजस्व वृद्धि के मामले में पहला स्थान बनाए रखा है। इस अवधि में राज्य ने पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 40 प्रतिशत की संचयी वृद्धि दर दर्ज की है, जो सभी राज्यों में सर्वाधिक है। और तो और हरियाणा ने पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी राज्य जीएसटी संग्रह वृद्धि के मामले में देश में सर्वोच्च प्रदर्शन किया था।