असम चुनाव में हरियाणा कनेक्शन : महिपाल ढांडा ने संभाली भाजपा प्रचार की कमान, सीएम हिमंता सरमा के साथ बारखेत्री में किया शक्ति प्रदर्शन

Edited By Krishan Rana, Updated: 01 Apr, 2026 08:23 PM

haryana connection in assam elections mahipal dhanda takes charge of bjp campai

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा इन दिनों असम विधानसभा चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ भाजपा के चुनावी

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी):  हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा इन दिनों असम विधानसभा चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ भाजपा के चुनावी अभियान को धार देने में जुटे हुए हैं। पार्टी संगठन द्वारा सौंपे गए प्रचार दायित्व के तहत ढांडा ने आज असम के बारखेत्री विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी नारायण डेका के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा में हिस्सा लिया और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। इस जनसभा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम ने एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया। बारखेत्री सीट नलबाड़ी जिले की अहम सीटों में मानी जाती है और यहां भाजपा ने पूर्व विधायक नारायण डेका को मैदान में उतारा है। 

राजनीतिक दृष्टि से इस रैली को भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि असम चुनाव में पार्टी इस बार भी सत्ता बरकरार रखने के लिए आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरी है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा लगातार प्रदेशभर में सभाएं कर रहे हैं, वहीं बाहरी राज्यों से भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों को चुनाव प्रचार में उतारकर भाजपा संगठन अपनी चुनावी ताकत का व्यापक प्रदर्शन कर रहा है। हाल ही में भाजपा ने असम चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र भी जारी किया है, जिसमें विकास, सांस्कृतिक पहचान, कानून-व्यवस्था और जनकल्याण को प्रमुख मुद्दों के रूप में आगे रखा गया है।

महिपाल ढांडा ने जनसभा में भाजपा सरकार की नीतियों, संगठन की मजबूती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रहित, विकास और सुशासन को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि असम की जनता एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व पर विश्वास जताने जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी अपने संबोधन में कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, हरियाणा से महिपाल ढांडा जैसे नेताओं की असम चुनाव में सक्रिय मौजूदगी यह संकेत देती है कि भाजपा इस चुनाव को केवल एक राज्य का चुनाव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में भी देख रही है। ढांडा की सभाओं से स्थानीय संगठन को ऊर्जा मिल रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ा है। खास बात यह है कि भाजपा इस बार असम में हर सीट पर बूथ स्तर तक मजबूत पकड़ बनाने के मिशन पर काम कर रही है।

बारखेत्री की जनसभा ने यह साफ कर दिया है कि भाजपा चुनाव प्रचार में कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की संयुक्त मौजूदगी ने न केवल प्रत्याशी नारायण डेका के समर्थन को मजबूती दी, बल्कि यह भी संदेश दिया कि भाजपा का पूरा संगठन असम में जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर मैदान में उतर चुका है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)          

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!