शुरू हुई हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं, केंद्रों पर पुलिस का पहरा, जांच के लिए स्वयं मैदान में उतरे डीसी

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 25 Feb, 2026 04:40 PM

haryana board exams begin dc inspects and gives instructions to officials

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। आज कक्षा 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर जिले में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। आज कक्षा 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर जिले में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सभी परीक्षा केंद्रों पर समयबद्ध तरीके से परीक्षा कराई गई और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 26 फरवरी से प्रारंभ होगी, जिसके लिए भी जिले में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम जांचने के लिए आज जिला उपायुक्त अजय कुमार स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने कई परीक्षा केंद्रों का जायजा भी लिया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

इसके साथ ही डीसी ने लघु सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधित अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए हैं कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकल मुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाएं। 

 

डीसी ने बताया कि जिले में इस वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 10वीं कक्षा में कुल 15,943 परीक्षार्थी (8000 छात्र व 7,943 छात्राएं) तथा 12वीं कक्षा में 14,446 परीक्षार्थी (7,290 छात्र व 7,156 छात्राएं) परीक्षा देंगे। विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च तक तथा 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 25 फरवरी से 1 अप्रैल तक आयोजित होंगी। इसके लिए जिले में कुल 65 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 25 ग्रामीण और 40 शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं।

 

डीसी अजय कुमार ने बताया कि जिले के एक परीक्षा केंद्र को संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल, विशेष निगरानी और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की गई है। नकल की किसी भी संभावना को रोकने के लिए उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो परीक्षा अवधि के दौरान औचक निरीक्षण करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, डिजिटल वॉच व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे तथा विद्यार्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की जाएगी।

 

इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने अभिभावकों और आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। भ्रामक सूचना या फेक न्यूज फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में गुरुग्राम के एसडीएम परमजीत चहल, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, सोहना के एसडीएम अखिलेश, जिला शिक्षा अधिकारी इंदु बोकन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!