Edited By Krishan Rana, Updated: 11 Jul, 2026 02:47 PM

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने गोवा प्रवास के दौरान दयानंदनगर स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने गोवा प्रवास के दौरान दयानंदनगर स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का भ्रमण कर वहां की शैक्षिक, प्रशासनिक एवं प्रबंधन व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही शिक्षण पद्धति की जानकारी प्राप्त की और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा भी की।
विद्यालय भ्रमण के दौरान हरविंद्र कल्याण ने कहा कि ग्रामीण भारत की वास्तविक शक्ति उसके विद्यालयों में निहित है। यही वे संस्थान हैं, जहां केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान नहीं दिया जाता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना का भी विकास किया जाता है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित भारत की आधारशिला है और विद्यालय समाज को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। इससे विद्यार्थियों का संतुलित विकास संभव होता है और वे भविष्य में समाज तथा देश के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, शिक्षण वातावरण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण विद्यार्थियों में सीखने की उत्सुकता बढ़ाता है तथा बेहतर शैक्षणिक परिणामों का आधार बनता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में शिक्षा के क्षेत्र में अपनाए जा रहे नवाचारों और सफल मॉडलों का अध्ययन करना आवश्यक है। इससे एक-दूसरे के अनुभवों से सीख लेकर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समर्पित शिक्षक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण भारत को ज्ञान आधारित महाशक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विद्यालय प्रशासन ने इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष को विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक परिणामों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी। हरविंद्र कल्याण ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)