Edited By Manisha rana, Updated: 18 Jun, 2026 01:08 PM

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने विदेशी महिला बनकर फेसबुक पर दोस्ती करने तथा फर्जी बैंक व एयरपोर्ट अधिकारियों के जरिए एक वरिष्ठ नागरिक से 8.75 लाख रुपए की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 2 नाइजीरियन नागरिकों सहित 5 आरोपियों को...
कैथल : साइबर क्राइम थाना पुलिस ने विदेशी महिला बनकर फेसबुक पर दोस्ती करने तथा फर्जी बैंक व एयरपोर्ट अधिकारियों के जरिए एक वरिष्ठ नागरिक से 8.75 लाख रुपए की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 2 नाइजीरियन नागरिकों सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीर बहादुर गुरूंग उर्फ दीपक तमंग निवासी गोरखपुर (उ.प्र.) हाल निवासी उत्तम नगर दिल्ली, दीपा बिश्वाकर्मा निवासी दक्षिणी दिल्ली, रेखा सुहाग निवासी दार्जिलिंग (प. बंगाल) हाल निवासी मालवीय नगर दिल्ली तथा नाइजीरिया निवासी नजूबे चूकवुड़ी और इटोहन मर्सी के रूप में हुई है। जांच अधिकारी एस.आई. रविंद्र कुमार ने बताया कि जनकपुरी कॉलोनी कैथल निवासी एक वरिष्ठ नागरिक को फरवरी, 2025 में फेसबुक मैसेंजर पर जॉनसन डेनियल नामक महिला की आई.डी. से संदेश आने शुरू हुए। महिला ने स्वयं को यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर शहर की निवासी बताया और बाद में भारत आने की बात कही।
5 मार्च को शिकायतकर्ता के पास एक महिला का फोन आया जिसने खुद को मुंबई एयरपोर्ट कर्मचारी बताया और कहा कि विदेशी महिला को भारी मात्रा में ब्रिटिश पाऊंड होने के कारण कस्टम विभाग ने रोक लिया है। इसके बाद कस्टम ड्यूटी, क्लीयरेंस चार्ज, बैंक शुल्क और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर शिकायतकर्त्ता से अलग-अलग खातों में रकम जमा करवाई जाने लगी। आरोपियों ने रोते हुए वीडियो भेजकर भावनात्मक दबाव बनाया और महिला को छुड़वाने के नाम पर लगातार पैसों की मांग करते रहे। मार्च से मई 2025 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से कुल 8.75 लाख रुपए की ठगी कर ली। रकम वापस न मिलने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ और साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई। थाना साइबर क्राइम के एस.आई. रविंद्र कुमार की टीम ने तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)