Fraud : विदेश भेजने के नाम पर लगाया 20.70 लाख का चूना, कुरुक्षेत्र के 2 युवकों को 7 देशों में घुमाया, मामला दर्ज

Edited By Krishan Rana, Updated: 13 Aug, 2026 03:30 PM

fraud 20 70 lakh rupees defrauded in the name of sending abroad kurukshetra yo

अमेरिका भेजने के नाम पर कुरुक्षेत्र के दो युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): अमेरिका भेजने के नाम पर कुरुक्षेत्र के दो युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुरुक्षेत्र के गांव ठोल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर दोनों युवकों को अमेरिका भेजने का झांसा दिया, लेकिन उन्हें अमेरिका भेजने के बजाय थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया, दुबई और कजाकिस्तान समेत सात देशों में घुमाता रहा। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओयू) अंबाला द्वारा किए जाने के बाद नारायणगढ़ पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में नारायणगढ़ क्षेत्र के गांव गनोली निवासी किसान नरेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में उसने अपने बेटे नायब सिंह को अमेरिका भेजने के लिए अपने साले कुलदीप सिंह के माध्यम से कुरुक्षेत्र के गांव ठोल निवासी नीरज और उसकी पत्नी पूनम रानी से संपर्क किया था। आरोपियों ने नायब सिंह और सचिन ढींडसा को अमेरिका भेजने के लिए प्रति युवक 37 लाख रुपये का खर्च बताया।

शिकायत के अनुसार, 22 सितंबर 2023 को आरोपियों की मांग पर पूनम रानी के बैंक खाते में 2.50-2.50 लाख रुपये, कुल 5 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 5 अक्टूबर 2023 को पासपोर्ट-वीजा और डॉलर उपलब्ध करवाने के नाम पर दोनों युवकों से 2-2 लाख रुपये नकद लिए गए।

अमेरिका की बजाय 7 देशों में भेजा

आरोप है कि 7 अक्टूबर 2023 को दोनों युवकों को दिल्ली एयरपोर्ट से थाईलैंड भेज दिया गया। इसके बाद उन्हें थाईलैंड से वियतनाम, वियतनाम से इंडोनेशिया, फिर दोबारा थाईलैंड और वहां से दुबई भेजा गया। बाद में दोनों को कजाकिस्तान भेजे जाने का आरोप है। कई महीनों तक अलग-अलग देशों में भटकने के बाद दोनों युवकों को भारत वापस बुला लिया गया।

पीड़ितों के अनुसार, 22 अक्टूबर 2023 को उन्हें थाईलैंड से वियतनाम, 18 नवंबर को वियतनाम से इंडोनेशिया भेजा गया। इसके बाद 13 दिसंबर 2023 से 20 जनवरी 2024 तक वे इंडोनेशिया में रहे। फिर थाईलैंड और वहां से दुबई भेजे गए। 10 फरवरी 2024 को दुबई से कजाकिस्तान तथा 18 फरवरी को कजाकिस्तान से दोनों को दिल्ली वापस बुलाया गया।

दिल्ली पहुंचने के बाद दोनों युवकों को होटल में रुकने को कहा गया। वे करीब 20-22 दिन तक अपने खर्च पर होटल में रहे और मानसिक रूप से परेशान होकर आखिरकार अपने घर लौट आए।

किस्तों में वसूली लाखों रुपये

शिकायत के अनुसार, यात्रा के दौरान आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर किस्तों में रकम ली। 1 दिसंबर 2023 को गांव के पूर्व सरपंच विनोद कुमार के सामने 7 लाख रुपये दिए गए। इसके बाद 26 जनवरी 2024 को बच्चों के दुबई पहुंचने पर 3 लाख रुपये नकद दिए गए।

फरवरी 2024 में युवकों को कजाकिस्तान और तुर्की में फंसा बताकर परिजनों पर दबाव बनाने का आरोप है। इसके बाद मौजूदा सरपंच बलविंद्र सिंह की मौजूदगी में ढींडसा ट्रेडिंग कंपनी, अनाज मंडी, अंबाला कैंट के आढ़ती के पास 20 लाख रुपये रखवाए गए।

पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

जब दोनों युवक सुरक्षित भारत लौट आए तो आढ़ती के पास रखे 20 लाख रुपये में से आरोपी द्वारा 10 लाख रुपये वापस लिए जाने की बात सामने आई। वहीं किसान नरेश कुमार ने आरोप लगाया कि उसके 20 लाख 70 हजार रुपये अभी भी आरोपियों के पास हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 3 मई 2026 को वह मौजूदा सरपंच बलविंद्र सिंह, पूर्व सरपंच विनोद कुमार और अपने भाई अंग्रेज सिंह के साथ आरोपी नीरज के गांव ठोल स्थित घर पहुंचा। आरोप है कि नीरज पहले ही घर से फरार हो गया था। बाद में फोन पर संपर्क होने पर उसने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और दोबारा गांव या घर आने पर जान से मारने की धमकी दी।

जमीन बेचकर दिए थे 20.70 लाख रुपये

नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने अपने बेटे के भविष्य और उसे अमेरिका भेजने की उम्मीद में अपनी कृषि भूमि बेचकर आरोपियों को 20.70 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो युवकों को अमेरिका भेजा गया और न ही पूरी रकम वापस की गई।

नारायणगढ़ पुलिस ने दर्ज किया केस

एसपी अंबाला के पास शिकायत पहुंचने के बाद मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओयू) अंबाला को सौंपी गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद नारायणगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी नीरज और उसकी पत्नी पूनम रानी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)            

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!