Edited By Manisha rana, Updated: 01 Apr, 2026 01:34 PM

नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बराड़ा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब बराड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक महिला सहित कुल चार नशा तस्करों को भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) के साथ दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों...
बराड़ा (अनिल शर्मा) : नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बराड़ा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब बराड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक महिला सहित कुल चार नशा तस्करों को भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) के साथ दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक गाड़ी और एक बाइक भी बरामद की है।
डीएसपी बराड़ा सुरेश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उप-निरीक्षक रणबीर सिंह और सहायक उप-निरीक्षक नसीब सिंह की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी दोसडक़ा की तरफ से गाड़ी में नशे की खेप लेकर बराड़ा की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंडित ढाबा के पास नाकाबंदी की और घर पहुँचने से पहले ही आरोपियों को धर दबोचा।
कार सवार तीनों आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ माडू, नसीम उर्फ घुग्गी (निवासी बराड़ा) और एक महिला के रूप में हुई है। महिला दोनों युवकों की मां है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि इन्होंने यह नशा गांव थम्बड निवासी राजदीप से खरीदा था। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर राजदीप को भी बाइक व नौ हजार रुपए ड्रग मनी सहित काबू कर लिया। वहीं डीएसपी ने बताया कि महिला की बेटी की भी तलाश की जा रही है, जो इस गिरोह में शामिल हो सकती है।
नशे की कमाई से बनाई संपत्ति होगी सीज, आरोपियों के मकान पर चलेगा पीला पंजा
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बराड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के व्यापार से अर्जित की गई आरोपियों की संपत्ति को सीज किया जाएगा और उनके द्वारा बनाए गए अवैध मकानों को ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पकड़े गए आरोपियों में से नसीम उर्फ घुग्गी पहले भी नशा तस्करी के मामले में वांछित था, जबकि सलमान के खिलाफ मारपीट के मामले दर्ज हैं। कोर्ट में पेशी के बाद सलमान व आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी नसीम उर्फ घुग्गी व राजदीप का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)