Edited By Isha, Updated: 29 Feb, 2020 11:54 AM
नगर परिषद के सफाई दरोगा पर एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए नगरपरिषद सफाई कर्मचारियों ने धरना देकर रोष जताया। इस मामले में नगर परिषद प्रधान....
फतेहाबाद : नगर परिषद के सफाई दरोगा पर एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए नगरपरिषद सफाई कर्मचारियों ने धरना देकर रोष जताया। इस मामले में नगर परिषद प्रधान के रवैये पर भी कर्मचारियों ने रोष जताया है। धरने की अध्यक्षता राजाराम टाक ने की व संचालन सचिव सतबीर सहारण ने किया। वरिष्ठ उपप्रधान ओमप्रकाश लोट ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सुबह साढ़े 7 बजे खेमा खाती रोड पर हाजिरी लगती है। यहां पर शलेन्द्र दरोगा ने एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ की।
इसको लेकर जब नगर परिषद प्रधान दर्शन नागपाल से बातचीत हुई तो उन्होंने कार्यालय आकर बात करने को कहा। इसके बाद बातचीत में नगर परिषद प्रधान ने भी आरोपी पर कोई कार्रवाई करने की बजाय शलेन्द्र का ही पक्ष लिया इस पर कर्मचारियों ने रोष जताया। दोपहर 3 बजे के बाद सभी कर्मचारियों ने काम छोड़कर धरना शुरू करने का ऐलान कर दिया। संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तोषामढ़ ने मध्यस्थता का प्रयास किया लेकिन प्रयास असफल रहा।
कर्मचारियों ने कहा कि शलेन्द्र को प्रधान ने दरोगा लगा रखा है, उसे सफाई कर्मचारी लगाया जाए। संघ प्रधान राजा राम टाक ने कहा कि यह मामला पहला नहीं है, इससे पूर्व भी इसने कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार किया था जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बाद यूनियन पदाधिकारियों के सामने शलेन्द्र ने महिला के सामने माफी मांगी थी परंतु उक्त आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।