टेंडर अलॉट करने में धांधली, MCG कमिश्नर ने ड्राफ्टसमैन की सेवाएं की समाप्त

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 16 Jul, 2026 08:01 PM

draftsman terminated by mcg commissioner after highlight fruad

नगर निगम गुरुग्राम ने पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए टेंडर दस्तावेजों की स्क्रूटनी एवं प्रोसेसिंग में गंभीर अनियमितताओं के मामले में एचकेआरएन के माध्यम से कार्यरत ड्राफ्ट्समैन सोमबीर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त...

गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम ने पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए टेंडर दस्तावेजों की स्क्रूटनी एवं प्रोसेसिंग में गंभीर अनियमितताओं के मामले में एचकेआरएन के माध्यम से कार्यरत ड्राफ्ट्समैन सोमबीर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय विस्तृत विभागीय जांच, कारण बताओ नोटिस, लिखित जवाब तथा व्यक्तिगत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया गया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

मामला संज्ञान में आने के बाद कराई गई विस्तृत जांच

नगर निगम के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से संबंधित मामला संज्ञान में आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियंता को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान संबंधित अभिलेखों, टेंडर दस्तावेजों तथा सभी पक्षों के जवाबों का परीक्षण किया गया। संबंधित कर्मचारी एवं अन्य पक्षों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर भी दिया गया।

 

जांच में सामने आए गंभीर तथ्य

जांच रिपोर्ट में पाया गया कि टेंडर दस्तावेजों की स्क्रूटनी के दौरान गंभीर अनियमितताएं हुईं। साथ ही यह भी सामने आया कि संबंधित कर्मचारी ने हितों के टकराव की स्थिति होने के बावजूद स्वयं को प्रक्रिया से अलग नहीं किया तथा इस संबंध में आवश्यक जानकारी भी साझा नहीं की। जांच में इसे टेंडर प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला माना गया।

 

कारण बताओ नोटिस और व्यक्तिगत सुनवाई के बाद लिया गया निर्णय

जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उसके लिखित उत्तर का परीक्षण किया गया तथा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी प्रदान किया गया। सुनवाई के दौरान उपलब्ध तथ्यों एवं जांच रिपोर्ट का समग्र परीक्षण करने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने पाया कि कर्मचारी का उत्तर संतोषजनक नहीं है और उसके विरुद्ध लगाए गए आरोपों का पर्याप्त समाधान प्रस्तुत नहीं किया गया।

 

तत्काल प्रभाव से सेवाएं समाप्त

उपलब्ध साक्ष्यों, जांच रिपोर्ट एवं विभागीय प्रक्रिया के आधार पर नगर निगम गुरुग्राम ने संबंधित ड्राफ्ट्समैन की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है। साथ ही संबंधित आदेश की प्रति आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों एवं हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भी प्रेषित की गई है। 

 

पारदर्शिता और जवाबदेही पर एमसीजी का विशेष जोर

नगर निगम गुरुग्राम ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक कार्यों, विशेषकर टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा नियमों के उल्लंघन, हितों के टकराव या कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य सुशासन, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनहित की रक्षा सुनिश्चित करना है।

 

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। टेंडर प्रक्रिया सहित किसी भी प्रशासनिक कार्य में अनियमितता, हितों के टकराव अथवा कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से ईमानदारी, निष्पक्षता और नियमों के अनुरूप कार्य करने की अपेक्षा की जाती है। यदि कोई व्यक्ति निर्धारित नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमारा उद्देश्य सुशासन को मजबूत करना, सार्वजनिक संसाधनों की पारदर्शी एवं उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा नागरिकों के विश्वास को बनाए रखना है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!