Edited By Manisha rana, Updated: 20 Apr, 2026 04:17 PM

अंबाला शहर के व्यस्त पुलिस लाइन चौक पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के बाहर लावारिस हालत में एक अटैची पड़ी मिली।
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला शहर के व्यस्त पुलिस लाइन चौक पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के बाहर लावारिस हालत में एक अटैची पड़ी मिली। बम की आशंका के चलते इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जैसे ही स्थानीय लोगों ने दुकान के बाहर लावारिस अटैची देखी, तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
जानकारी के मुताबिक मामला संवेदनशील इलाके का था, इसलिए पुलिस ने बिना देरी किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। सुरक्षा के मद्देनजर एहतियात बरतते हुए पुलिस ने आस-पास की सभी दुकानों को तुरंत बंद करवा दिया और पूरे इलाके को सील कर दिया। राहगीरों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और गहन जांच के बाद, बम स्क्वायड की टीम ने अटैची को खोलकर चेक किया। बम स्क्वायड की ओर से ओके सिग्नल मिलने के बाद प्रशासन और स्थानीय दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह अटैची वहां किसने और किस मकसद से छोड़ी थी। हालांकि स्थिति अब सामान्य है और बाजार को फिर से खोल दिया गया है। अंबाला में कुछ दिनों के अंदर यह दूसरा मामला है जो लोगों की जागरूकता को दर्शाता है। इस मामले पर अंबाला पुलिस ने कोई भी आधिकारिक ब्यान देने से इनकार कर दिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)