Edited By Manisha rana, Updated: 13 May, 2026 03:57 PM

झज्जर जिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बादली हल्के के कानूनगो रामबीर को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
झज्जर (दिनेश मेहरा) : झज्जर जिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बादली हल्के के कानूनगो रामबीर को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को मैक्स सिटी रिलायंस, गांव आकूपुर जिला झज्जर के पास ट्रैप लगाकर पकड़ा गया। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी सरोज देवी के नाम गांव दादरी टोए, तहसील बादली जिला झज्जर में करीब 20 कनाल 5 मरले शमलात भूमि है। इस जमीन के तकसीम मामले की सुनवाई नायब तहसीलदार बादली की अदालत में चल रही है। आरोप है कि कानूनगो रामबीर को तकसीम का नक्शा तैयार कर कार्यालय में जमा करवाना था, लेकिन उसने जानबूझकर गलत नक्शा जमा कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने नक्शा सही बनाकर दोबारा जमा करवाने की एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता की पत्नी पहले ही आरोपी को 3 हजार रुपये दे चुकी थी। इसके बाद आरोपी बाकी 7 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी शिकायत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो,रोहतक को दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो ने निरीक्षक रोहताश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर आरोपी रामबीर कानूनगो को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)