Edited By Harman, Updated: 16 Jul, 2026 04:57 PM

हरियाणा भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 21 जुलाई को प्रदेश के सभी बूथों और शक्ति केंद्रों पर एक साथ बैठकें तथा 'टिफिन बैठकें' आयोजित की जाएंगी।
चंडीगढ़ ( चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 21 जुलाई को प्रदेश के सभी बूथों और शक्ति केंद्रों पर एक साथ बैठकें तथा 'टिफिन बैठकें' आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और चुनावी दृष्टि से कमजोर क्षेत्रों को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करेंगे। भाजपा इसे केवल बैठक नहीं, बल्कि प्रदेशव्यापी संगठनात्मक अभियान के रूप में आगे बढ़ा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष की राव इंद्रजीत से अहम मुलाकात
इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से उनके आवास पर करीब आधे घंटे तक मुलाकात की। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक चर्चाओं के बीच हुई इस बैठक को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इससे पहले डॉ. अर्चना गुप्ता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से भी मुलाकात कर चुकी हैं। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि प्रदेश संगठन के विस्तार, नई नियुक्तियों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हरियाणा के प्रतिनिधित्व जैसे विषयों पर वरिष्ठ नेताओं से लगातार विचार-विमर्श किया जा रहा है।
बावल प्रकरण के बाद बढ़ा बैठक का राजनीतिक महत्व
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बावल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में राव इंद्रजीत सिंह और रेवाड़ी जिले के भाजपा विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर विपक्ष ने पार्टी में गुटबाजी के आरोप लगाए थे। हालांकि राव इंद्रजीत सिंह ने कार्यक्रम का निमंत्रण नहीं मिलने को इसकी वजह बताया था। ऐसे राजनीतिक माहौल में प्रदेश अध्यक्ष और राव इंद्रजीत सिंह की मुलाकात को संगठनात्मक समन्वय और राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की तैयारियां पूरी
मुलाकात के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद दौरे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरियाणा में प्रधानमंत्री के 18वें दौरे पर भाजपा कार्यकर्ता भव्य स्वागत करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री प्रदेश की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और देश की पहली हाइड्रोजन रेलगाड़ी को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि पूरा कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि स्वच्छ और हरित आयोजन का संदेश भी समाज तक पहुंचे।
2024 में कमजोर रहे क्षेत्रों पर विशेष रणनीति
भाजपा अब उन विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है, जहां 2024 के चुनाव में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा इन क्षेत्रों में जनाधार को और मजबूत करना है।21 जुलाई को आयोजित होने वाली बूथ और शक्ति केंद्र बैठकों में कार्यकर्ताओं को इसी रणनीति के तहत जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
संगठन सशक्तिकरण के जरिए चुनावी तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा ने आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय करने की रणनीति अपनाई है। बूथ और शक्ति केंद्रों पर होने वाली ये बैठकें केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि इन्हें कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, समन्वय और चुनावी तैयारी को गति देने के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है।