Edited By Isha, Updated: 06 Mar, 2026 05:52 PM

मशहूर रैपर बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए गाने 'टटिहरी' (Tateeree) ने हरियाणा में विवाद खड़ा कर दिया है। गाने की कुछ लाइनों और वीडियो में हरियाणवी संस्कृति, स्कूल यूनिफॉर्म वाली लड़कियों और हरियाणा
जींद (अमनदीप पिलानिया): मशहूर रैपर बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए गाने 'टटिहरी' (Tateeree) ने हरियाणा में विवाद खड़ा कर दिया है। गाने की कुछ लाइनों और वीडियो में हरियाणवी संस्कृति, स्कूल यूनिफॉर्म वाली लड़कियों और हरियाणा रोडवेज बस के इस्तेमाल को लेकर स्थानीय खाप पंचायतों और लोगों में भारी रोष है। विरोध का मुख्य कारण गाने की एक लाइन है, जिसमें बादशाह कहते हैं: "आया बादशाह टोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने"। कई लोगों ने इसे अश्लील, आपत्तिजनक और हरियाणवी संस्कृति व महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया है।
गाने के शुरुआती सीन में स्कूल जाने वाली लड़कियां बैग रखकर डांस करती दिखाई गई हैं, जिसे लेकर आरोप है कि यह गलत संदेश देता है।जींद में माजरा खाप ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। खाप के प्रेस प्रवक्ता समुंदर फोर ने कहा, "बादशाह पहले अपने घर में घोड़ी बनाए।" उन्होंने हरियाणा रोडवेज जींद डिपो की बस को गाने में दिखाए जाने पर आपत्ति जताई और जींद रोडवेज के जीएम से कार्यवाही की मांग की। फोर ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखेंगे और आगे कदम उठाएंगे।
हरियाणा भर में सोशल मीडिया पर लोग गाने का विरोध कर रहे हैं। यूजर्स गाने से विवादित लाइन हटाने, गाने पर प्रतिबंध लगाने और बादशाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कुछ खापों (जैसे फोगाट और सहारण खाप) ने भी मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है, जिसमें हरियाणवी संस्कृति पर हमले का आरोप लगाया गया है।यह विवाद ऐसे समय में उठा है जब हरियाणा में पहले भी कुछ गानों पर सांस्कृतिक आधार पर आपत्तियां और प्रतिबंध लगे हैं। फिलहाल बादशाह या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थिति पर नजर बनी हुई है, और यदि विरोध बढ़ा तो कानूनी या प्रशासनिक कदम उठाए जा सकते हैं।