Edited By Harman, Updated: 01 May, 2026 10:33 AM

फरीदाबाद के तातारपुर-जटोला रोड स्थित एडजल केमिकल कंपनी में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ट्रक से केमिकल उतारते समय अचानक आग भड़क उठी।
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के तातारपुर-जटोला रोड स्थित एडजल केमिकल कंपनी में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ट्रक से केमिकल उतारते समय अचानक आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में आग मामूली थी, लेकिन देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक नजर आने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि एक कर्मचारी के मामूली रूप से झुलसने की खबर है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 24 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को खाली करा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ या फिर किसी तकनीकी खराबी की वजह से। लेकिन इतना जरूर है कि अगर समय रहते कर्मचारियों को बाहर नहीं निकाला जाता, तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था।