नूंह में भ्रष्टाचार पर वार: पटवारी और साथी रंगे हाथ काबू

Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 08 Apr, 2026 07:46 PM

nuh patwari and his associate caught red handed

हरियाणा के नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने लघु सचिवालय के राजस्व विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहर्र पटवारी धर्मवीर और उसके सहायक साहुन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

नूंह, (ब्यूरो): हरियाणा के नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने लघु सचिवालय के राजस्व विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहर्र पटवारी धर्मवीर और उसके सहायक साहुन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को 3500 रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई से पूरे सचिवालय परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

 

आरोपी पटवारी धर्मवीर और उसका सहायक साहुन जमीन का पुराना रिकॉर्ड निकालने के नाम पर शिकायतकर्ता से पहले 4 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, बिना रिश्वत दिए काम करने से साफ इंकार किया गया, जिसके बाद 3500 रुपए में सौदा तय हुआ। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने तुरंत एसीबी से संपर्क किया। एसीबी टीम ने शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और ट्रैप बिछाया। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही धर्मवीर और साहुन ने तय राशि ली, एसीबी की टीम ने मौके पर ही दबिश दे दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहुन पुत्र लीला, निवासी पृथ्वीपुरा मालाखेड़ा (राजस्थान) और मोहर्र पटवारी धर्मवीर पुत्र तुलसीराम, गांव झामरी, जिला झज्जर के रूप में हुई है।

 

छापेमारी के दौरान एसीबी ने रिश्वत की रकम मौके से बरामद कर ली और जरूरी दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए। कार्रवाई के बाद लघु सचिवालय में कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित रहा और कर्मचारियों में दहशत का माहौल देखा गया। एसीबी अधिकारी बता रहे हैं कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस मामले में कोई और कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी मुहिम लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद आम लोगों में उम्मीद जगी है कि सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और लोग अपने काम बिना रिश्वत दिए करवा पाएंगे। इस कदम को लोगों ने सराहना की है और इसे प्रशासन की सख्ती का प्रतीक बताया जा रहा है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!