Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 11 May, 2026 06:14 PM

नूंह जिले के गांव आलदोका में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सरकारी स्कूल के सामने पड़े ईंधन और भूसे के ढेर में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई।
नूंह, 11 मई (ब्यूरो): नूंह जिले के गांव आलदोका में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सरकारी स्कूल के सामने पड़े ईंधन और भूसे के ढेर में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग से आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। तेज गर्मी और हवा के कारण आग लगातार फैल रही थी, जिससे दमकल कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में दमकल विभाग का सहयोग किया। ग्रामीण बाल्टियों और पाइपों के जरिए पानी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास करते रहे। आग स्कूल के सामने लगी होने के कारण लोगों को डर था कि कहीं आग आसपास के मकानों या अन्य सामान तक न पहुंच जाए। हालांकि समय रहते दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने से भूसे और ईंधन का काफी नुकसान बताया जा रहा है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी या किसी चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है।