डेंगू से छात्र की मौत, स्वास्थ्य विभाग बेखबर

Edited By Updated: 30 Sep, 2015 08:31 PM

article

यहां डेंगू ने अब कहर ढहाना शुरू कर दिया है। नई बस्ती में रहने वाले 10 वर्षीय बच्चे की डेंगू से मौत हो गई।

बहादुरगढ़, (का.प्र.) : यहां डेंगू ने अब कहर ढहाना शुरू कर दिया है। नई बस्ती में रहने वाले 10 वर्षीय बच्चे की डेंगू से मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग अब भी इस मौत को डेंगू नहीं मान रहा है जबकि 2 निजी अस्पतालों ने छात्र की डेंगू का इलाज किया। छात्र की दिल्ली के एक्सन बालाजी अस्पताल में मंगलवार की रात मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का भी आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।

 नई बस्ती की गली नम्बर 3 में रहने वाले 10 वर्षीय पीयूष पुत्र संदीप को 26 सितम्बर को बुखार आया था। एक दिन घर में निजी चिकित्सक से दवाई लेने के बाद जब उसे आराम नहीं हुआ तो उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसके डेंगू के टेस्ट के बाद चिकित्सकों ने डेंगू का इलाज शुरू कर दिया। मगर उसकी हालत बिगड़ती गई। परिजन उसे 29 सितम्बर की सुबह दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां भी चिकित्सकों ने डेंगू की पुष्टि करते हुए उसका इलाज शुरू किया जहां उपचार के दौरान मंगलवार की रात छात्र की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इतने बड़े अस्पताल में भी पीयूष का सही तरह से इलाज नहीं किया गया। उसका बी.पी. कम ज्यादा चल रहा था। इस दौरान पीयूष के सारे शरीर में सूजन आ गई और पेट में पानी भर गया। 
पीयूष के दादा जिले सिंह व अन्य परिजनों का आरोप है कि एक नर्स द्वारा इंजेक्शन दिए जाने के बाद पीयूष की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी कुछ समय बाद ही मौत हो गई। इलाज में लापरवाही को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया। पुलिस को भी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दी गई है। पीयूष शहर के एस.आर. सेंच्यूरी स्कूल की चौथी कक्षा का विद्यार्थी था। 
 
टीम जांच भेजेंगे
 
सी.एम.ओ. एस.आर. सिवाच का कहना है कि पीयूष के इलाज की पूरी फाइल को देखने के बाद ही वे कुछ कह सकते है। उन्हें मीडिया के माध्यम से ही सूचना मिली है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि डेंगू के मामले में झज्जर जिला पूरे प्रदेश में 7वें नम्बर पर है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू की रोकथाम को लेकर पूरी तरह से सजग है।
 
14 केस और कन्फर्म
दाे दिनाें में स्वास्थ्य विभाग को डेंगू के 14 और केस कन्फर्म मिले हैं। ऐसे में अब डेंगू कन्फर्म केसों की संख्या 100 से अधिक हो चुकी है। बहादुरगढ़ क्षेत्र में बुखार के चलते 5 मौतें भी हो चुकी हैं, मगर स्वास्थ्य विभाग ने इनकी मौत डेंगू से न होना बताया है। अब देखना यह है कि 2 अस्पतालों द्वारा डेंगू का इलाज किए जाने के बाद पीयूष की मौत को स्वास्थ्य विभाग डेंगू मानता है या नहीं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!