Edited By Mohammad Kumail, Updated: 02 Jun, 2023 08:45 PM

देवर के साथ अपने मायके जा रही महिला को गांव कटेसरा के पास अज्ञात बाइक सवार युवक ने गोली मार दी। घायल अवस्था में महिला को शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया...
पलवल (रुस्तम जाखड़) : देवर के साथ अपने मायके जा रही महिला को गांव कटेसरा के पास अज्ञात बाइक सवार युवक ने गोली मार दी। घायल अवस्था में महिला को शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे फरीदाबाद के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बाइक सवार ने महिला को मोहना रोड पर गांव कटेसरा के समीप गोली मारी। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी गोली मारने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
चादहट थाना प्रभारी कैलाश चंद्र भड़ाना के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पूजा नाम की महिला ससुराल अलावलपुर से अपने देवर जीतू के साथ बाइक से अपने मायके गांव अटाली जा रही थी। उसके साथ तीन वर्ष का बच्चा भी था। जैसे ही वह गांव कटेसरा में पहुंचे तो बाइक पर सवार एक युवक आया और महिला को गोली मार दी। गोली महिला के गर्दन में लगी। आस-पास एकत्रित ग्रामीणों की मदद से महिला को शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे फरीदाबाद के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
चांदहट थाना प्रभारी के मुताबिक अभी गोली मारने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी महिला के परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)