Edited By Isha, Updated: 04 May, 2025 04:17 PM

भाखड़ा नहर के पानी को लेकर हरियाणा और पंजाब के बीच पैदा हुए विवाद से प्रदेश के 10 जिलों में जल संकट छाया हुआ है। हरियाणा को केवल 4000 क्यूसेक पानी मिल रहा है। जोकि नाकाफी है। हरियाणा में टैंकर माफिया हावी है जो मनमाने रेट पर पानी बेच रहा है
चंडीगढ़: भाखड़ा नहर के पानी को लेकर हरियाणा और पंजाब के बीच पैदा हुए विवाद से प्रदेश के 10 जिलों में जल संकट छाया हुआ है। हरियाणा को केवल 4000 क्यूसेक पानी मिल रहा है। जोकि नाकाफी है। हरियाणा में टैंकर माफिया हावी है जो मनमाने रेट पर पानी बेच रहा है। जबकि पंजाब और हरियाणा के दोनों मुख्यमंत्री बयानबाजी और पत्र लिखने में व्यस्त हैं। यह कहना है कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला का।
सुरजेवाला ने आज हरियाणा में जल संकट के बीच चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर निशाना साधा। सुरजेवाला ने कहा कि कपास की फसल के बीज 15 मई तक दिए जाते हैं, हरियाणा का हिसार, फतेहाबाद और सिरसा कपास का कटोरा है। पानी की कमी के कारण फसल की बुवाई नहीं हो पा रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री के सर पर सत्ता का नशा चढ़ कर बोल रहा है। हरियाणा की सरकार कभी सर्वदलीय बैठक की बात करते है, कभी सुप्रीम कोर्ट मे जाने की बात करते हैं। केंद्र सरकार इस मुद्दे पर सीरियस नहीं लगा रही है। बीबीएमबी केंद्र सरकार की परियोजना है।
केंद्रीय बिजली मंत्री के अधीन आता है बीबीएमबी, लेकिन अभी तो वो इस मुद्दे पर कुछ नहीं कर रहे हैं। पहली बार हुआ किसी प्रांतीय सरकार ने केंद्रीय परियोजना पर कब्जा किया हो। देश की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय गृह मंत्रालय का है, आज तक भाखड़ा डेम पर पंजाब पुलिस का कब्जा है जो अभी तक हटा नहीं है। अगर हरियाणा के पानी देने के लिए पंजाब रुकावट डालता है तो इसका हल करने के लिए बैठक केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल बुलाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। डैम की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ लगाने का काम गृह विभाग नहीं कर रहा है। हरियाणा को पानी दिलाने की जिम्मेदारी हरियाणा के मुख्यमंत्री की है, प्रधानमंत्री से बात करना, बिजली मंत्री से बात करना यह जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री नायब सैनी की है।
सुरजेवाला ने कहा कि सब जानते है कि सीएम भगवंत मान को जनता नकारने वाले है इस लिए बीजेपी षडयंत्र कर मान को हीरो बना रहे हैं। पंजाब की जनता कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है इसलिए कांग्रेस रोकने के लिए बीजेपी आप नूरा कुश्ती खेल रहे हैं। संविधान के अनुसार केंद्र सरकार, राज्य सरकार कड़ी हिदायत जारी कर सकती है। पंजाब से हमारा रोटी बेटी का रिश्ता है, लेकिन अब यहां राजनीतिक रोटी सकेंगे का काम कर रहे हैं।