Edited By Saurabh Pal, Updated: 06 Dec, 2023 09:28 PM

तेलंगाना में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया है। रेवंत रेड्डी 7 दिसम्बर को बतौर मुख्यमंत्री हैदराबाद में शपथ लेंगे। रेड्डी का हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ....
दिल्ली/ चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा): तेलंगाना में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया है। रेवंत रेड्डी 7 दिसम्बर को बतौर मुख्यमंत्री हैदराबाद में शपथ लेंगे। रेड्डी का हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पारिवारिक संबंध है तो वहीं सांसद दीपेंद्र हुड्डा से प्रगाढ़ दोस्ती भी है। इसी के मद्देनजर बुधवार को रेवंत रेड्डी अपने शपथ ग्रहण से पहले नई दिल्ली स्थित सांसद दीपेंद्र हुड्डा के निवास स्थान पर पहुंचे।
जहां न केवल दीपेंद्र हुड्डा ने रेड्डी का स्वागत किया बल्कि उनकी माता आशा हुड्डा ने इस शानदार जीत पर बधाई देते हुए रेवंत को तिलक लगाकर भविष्य के लिए मंगलकामनाएं भी दी। रेवंत रेड्डी ने इस स्वागत के लिए आभार जताते हुए हुड्डा परिवार को शपथ ग्रहण समारोह के लिए निमंत्रण भी दिया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा ने रेवंत रेड्डी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कांग्रेस को मिली इस बड़ी जीत के बाद आप भी अब पांच वर्ष में लोगों का इस कदर दिल जीतने का प्रयास करना कि फिर तेलंगाना के लोग आपको सदा के लिए अपने दिल में बसा लें। इस अवसर पर रेवंत रेड्डी ने आशा हुड्डा के पांव छूकर उनका आशीर्वाद लिया और आशा हुड्डा ने रेड्डी का माथा चूमा।
तेलंगाना में विकास का नया अध्याय लिखने का आया समय: दीपेंद्र
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि तेलंगाना में मुख्यमंत्री की कमान संभालने वाले रेवंत रेड्डी ने दोस्ती का भी फर्ज निभाया और इसी के चलते वे आज मिलने और निमंत्रण देने के लिए दिल्ली में उनके आवास पर आए हैं। रेड्डी की मेहनत, जज्बे और कड़ी मेहनत का परिणाम है कि कांग्रेस ने तेलंगाना में नया इतिहास रचा है। अब तेलंगाना में विकास का स्वर्णिम अध्याय लिखने का समय है और वे इसके लिए रेवंत रेड्डी को अग्रिम शुभकामनाएं भी देते हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत के लिए वहां की जनता बधाई की पात्र है। यह जीत रेवंत रेड्डी की मेहनत के साथ साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की नीतियों की भी जीत है। रेवंत रेड्डी हुड्डा आवास पर करीब 1 घंटे तक रुके और इस दौरान पारिवारिक व सियासी चर्चाएं खुलकर हुईं।
अमरीका में मजबूत हुई थी दीपेंद्र-रेवंत की दोस्ती
विशेष बात ये भी है कि रेवंत रेड्डी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी मिलना चाहते थे, मगर हुड्डा सी.एल.पी. की बैठक के कारण चंडीगढ़ थे। इस वजह से उनसे मुलाकात नहीं हो पाई थी। मगर उनकी शुभकामनाओं को दीपेंद्र हुड्डा ने संप्रेषित किया। खास बात ये है कि इसी वर्ष जून में कांग्रेस पार्टी द्वारा न्यूयार्क में आयोजित अप्रवासी भारतीयों से संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमरीका गए थे तब उनके साथ सांसद दीेपेंद्र हुड्डा के अलावा तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी व पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा वडिंग़ भी गए थे। कई दिन अमरीका में एक साथ व्यतीत किए, जिससे दीपेंद्र व रेड्डी की दोस्ती और अधिक मजबूत हुई। यही वजह है कि इसी दोस्ती के चलते रेवंत रेड्डी मुख्यमंत्री की शपथ लेने से पहले दीपेंद्र से मिलने खासतौर पर दिल्ली पहुंचे और उन्हें व्यक्तिगत तौर पर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)