Edited By Deepak Kumar, Updated: 25 Jun, 2025 03:28 PM

यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे न सिर्फ आम नागरिकों को, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे न सिर्फ आम नागरिकों को, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जगाधरी में पुलिस की डायल-112 गाड़ी जलभराव वाले क्षेत्र में फंस गई। पानी इतना भरा हुआ था कि ड्राइवर को सड़क पर मौजूद गड्ढा दिखाई नहीं दिया और गाड़ी उसमें गिर गई। इस दौरान एक स्थानीय युवक करण ने साहस दिखाते हुए पुलिस की मदद की और किसी तरह गाड़ी को बाहर निकालने की कोशिश की गई। बाद में क्रेन बुलाकर वाहन को बाहर निकाला गया। लेकिन इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी असंतुलन के चलते गड्ढे में गिर गया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और कुछ ही देर में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होते ही नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे। बारिश से पहले नालियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्थाओं को लेकर अब गंभीर चर्चा हो रही है। आम नागरिकों के साथ अब पुलिसकर्मी भी इन बदहाल परिस्थितियों का शिकार हो रहे हैं। यह घटना नगर निगम की लापरवाही और व्यवस्था की जमीनी सच्चाई को उजागर करती है, जहां एक मामूली बारिश भी शहर को बेहाल कर देती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)