Edited By Manisha rana, Updated: 11 May, 2026 07:33 PM

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक 20 वर्षीय पॉलीटेक्निक छात्र द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक 20 वर्षीय पॉलीटेक्निक छात्र द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। छात्र पिछले करीब पांच वर्षों से शुगर की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और लगातार इंसुलिन के इंजेक्शन लगवाने से मानसिक रूप से काफी परेशान बताया जा रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान करनाल जिले के निगदू निवासी तनुज पाल के रूप में हुई है, जो नीलोखेड़ी पॉलीटेक्निक में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तनुज अपने घर पर मौजूद था। कुछ देर बाद वह घर से बाहर अपने बाड़े में गया, जहां उसने गेहूं में रखने वाली जहरीली दवा निगल ली। करीब दो घंटे बाद घर लौटने पर उसने पानी पिया, जिसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे तुरंत निगदू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार तनुज पिछले पांच वर्षों से शुगर की बीमारी से पीड़ित था। उसकी शुगर लगातार बढ़ रही थी और विभिन्न अस्पतालों में उसका इलाज भी चल रहा था। बार-बार इंसुलिन के इंजेक्शन लगने और लगातार बिगड़ती सेहत के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। परिवार का कहना है कि बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नरेश सैनी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम जांच में सामने आया कि युवक की मौत जहरीला पदार्थ निगलने के 12 से 24 घंटे के भीतर हुई। थाना निगदू के जांच अधिकारी एसआई पवन कुमार ने बताया कि परिवार ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। इस घटना ने एक बार फिर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता को सामने ला दिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)