Edited By Isha, Updated: 21 Feb, 2026 01:08 PM

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के इस्माईलाबाद क्षेत्र से लापता हुए 26 वर्षीय युवक का शव नरवाना ब्रांच भाखड़ा नहर के बटेडा हेड से बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान विजय कुमार निवासी गांव ड
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के इस्माईलाबाद क्षेत्र से लापता हुए 26 वर्षीय युवक का शव नरवाना ब्रांच भाखड़ा नहर के बटेडा हेड से बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान विजय कुमार निवासी गांव डल्ला माजरा के रूप में हुई है, जो रंग-रोगन (पेंटिंग) का काम करता था।
परिजनों के अनुसार विजय 14 फरवरी की सुबह करीब 7:30 बजे घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। करीब दो घंटे बाद उसके कपड़े डल्ला माजरा नहर किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले। कपड़ों की पहचान उसके पिता राजकुमार ने की, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में तलाश अभियान शुरू किया गया।
नहर में कूदने या हादसे की आशंका
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में नहर में गिरने या छलांग लगाने की दोनों हीआशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पिछले कई दिनों से परिजन व पुलिस गोताखोर नहर किनारे डेरा डाले हुए थे, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया था।
बटेडा हेड पर बहता मिला शव
शुक्रवार देर शाम बटेडा हेड के पास परिजनों को नहर में एक शव बहता दिखाई दिया। तुरंत पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी गई। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा। घटना से गांव डल्ला माजरा में मातम पसरा हुआ है।