कांग्रेस पर नायब सैनी ने साधा निशाना, बोले- कांग्रेस ने गरीब, युवा, महिला और किसानों को किया प्रताड़ित

Edited By Nitish Jamwal, Updated: 30 Apr, 2024 05:34 PM

naib saini targeted congress

पंचकूला में जेजेपी और अन्य दलों से आए नेताओं को भाजपा ज्वाइन करवाने के मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस, जेजेपी और आईएनएलडी तथा आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला।

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): पंचकूला में जेजेपी और अन्य दलों से आए नेताओं को भाजपा ज्वाइन करवाने के मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस, जेजेपी और आईएनएलडी तथा आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के दलों की रैलियों में जनता नहीं पहुंच रही है, इसलिए उनके नेता बौखलाए हुए हैं।  मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि  आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला अलगाववादी नेता यासीन मलिक दिल्ली में पोस्टर लगाकर कांग्रेस के लिए वोट मांग रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय बौखलाई हुई है और उल-जलूल बयान देकर लोगों को भ्रमित कर रही है। श्री सैनी ने कहा कि आज के समय में कांग्रेस की टिकट पर कोई चुनाव लड़ना नहीं चाहता। कांग्रेस ने अपने शासन में गरीब, युवा, महिला और किसान सभी को प्रताड़ित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब लोगों को मजबूत किया तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। 

पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय पंचकमल में जजपा के बड़े नेताओं को भाजपा में शामिल कराने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानंचद गुप्ता, मंत्री असीम गोयल, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख नवीन गर्ग मौजूद रहे।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के हालात ऐसे हो गए हैं कि वह अपने नेताओं को बरगलाकर और सब्जबाग दिखाकर टिकट थमा देती है। जब कांग्रेस का प्रत्याशी फिल्ड में जाता है तो उनको कुछ भी दिखाई नहीं देता तो वह पीछे हट जाता है।  घमंडिया गठबंधन में ऐसे-ऐसे लोग इक्ट्ठे हो गए हैं जो भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए लोगों से वोट मांग रहे हैं। घमंडिया गठबंधन में शामिल कई नेताओं ने बड़े-बड़े घोटाले किए और जब ईडी की छापेमारी हुई तो सरकार को बदनाम करने लगे। 

अरविंद केजरीवाल को निशाना पर लेते हुए नायब सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल खुले मंच से बोलते थे कि मैं कट्टर ईमानदार हूं, मेरी पार्टी कट्टर ईमानदार है। केजरीवाल कहते थे सोनिया गांधी की जांच कराई जाए तो वह तिहाड़ जेल में जरूर जाएगी, लेकिन केजरीवाल जिन राजनीतिक दलों को गाली देते थे आज उसी दल को गले लगे रहे हैं। केजरीवाल का एजेंडा भी भ्रष्टाचारियों और परिवारवादियों को बचाना है। 

सरकार में सहयोगी रही जजपा के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस, जजपा और आम आदमी पार्टी जनता का विश्वास खो चुकी है। इन पार्टियों के नेताओं में भी अविश्वास की भावना पैदा हो गई है, इसलिए वे अपने आपको असहज महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि जजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और इनेलो के बड़े-बड़े नेताओं को लगने लगा है कि उनका वहां कोई भविष्य नहीं है तो वे अब भाजपा में शामिल हो रहे हैं। 

सीएम नायब सैनी ने कहा कि जनता कांग्रेस के प्रताड़ित करने वाले शासन को भूली नहीं है। कांग्रेस का शासन गरीब को और गरीब बनाने वाला, गैस सिलेंडर के लिए तीन-तीन दिनों तक लाइनों मे खड़ा करने वाला रहा है। जनता जानती है कि कांग्रेस के शासन में कितना भ्रष्टाचार होता था। भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का विश्वास पढ़ाई से हटने लगा था। युवाओं को लगने लगा कि कांग्रेस सरकार में सिर्फ मुख्यमंत्री, मंत्री के रिश्तेदारों को ही नौकरियां मिल सकती है। सैनी ने कहा कि 2014 के बाद भाजपा की सरकार बनी तो भाजपा ने पारदर्शी सिस्टम लागू किया। जब युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां मिलनी शुरू हुई तो युवाओं को भी लगने लगा अब पढ़ाई-लिखाई करने से ही नौकरी मिलेगी। 

दिल्ली में अलगाववादी नेता यासीन मलिक द्वारा पोस्टर लगाए जाने के सवाल का जवाब देते हुए श्री सैनी ने कहा कि अब तो कांग्रेस विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं रही। यासीन मलिक जैसा अलगाववादी और आतंकवादियों का समर्थन करने वाला नेता कांग्रेस के लिए पोस्टर लगाकर वोट मांग रहा है,  यह बड़े ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है। राहुल को भी घेरते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि राहुल गांधी भी देश को तोड़ने वालों का समर्थन करते हैं। अब देश के लोग ही चुनाव में इनका निर्णय करेंगे। 

पत्रकार द्वारा पूछे गए एक सवाल पर बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि संविधान को अगर किसी से खतरा है तो कांग्रेस से है। कांग्रेस ने संविधान को कमजोर किया है। देश ने देखा कि कैसे राहुल गांधी ने कैबिनेट में बिल को फाड़कर फेंका। कांग्रेस ने लोकतंत्र और संविधान दोनों का ही अपमान किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने संविधान का सम्मान किया है। कांग्रेस झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश संविधान के हिसाब से चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने तो बाबा भीम राव अंबेडकर के पांच स्थानों को ‘‘पंच तीर्थ’’ बनाकर सम्मान दिया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश और देशवासियों के लिए इतने काम किए हैं कि अब जनता मोदी को प्रेम करती है। गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं का मोदी सरकार पर विश्वास बढ़ा है। देश और प्रदेश की जनता नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना तय कर चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग प्रण ले चुके हैं कि देश को विकसित बनाने और सुरक्षित करने के लिए नरेंद्र मोदी को ही प्रधानमंत्री बनाएंगे।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!