Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 03 Nov, 2026 07:48 PM

सोमवार शाम और देर रात शहर के दो प्रमुख इलाकों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला आईटी कर्मी समेत दो युवाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुड़गांव,(ब्यूरो): सोमवार शाम और देर रात शहर के दो प्रमुख इलाकों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला आईटी कर्मी समेत दो युवाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सिटी बस की टक्कर से हुई, वहीं दूसरी घटना डीएलएफ फेज-एक स्थित ब्रिस्टल चौक अंडरपास में स्कूटी अनियंत्रित होने के कारण घटी। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
बस ने युवती को कुचला, मौके पर ही मौत
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सोमवार देर शाम एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार सिटी बस ने स्कूटी सवार युवती को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। ज्योति पार्क निवासी कनिका अरोड़ा सेक्टर-58 स्थित मैग्नम ग्लोबल पार्क की एक निजी कंपनी में काम करती थीं। सोमवार देर शाम ऑफिस में अपनी शिफ्ट खत्म करने के बाद वह स्कूटी से घर लौट रही थीं। जैसे ही वह गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर वर्ल्डमार्क मॉल के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार सिटी बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कनिका बस की चपेट में आ गईं और उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बस चालक की पहचान और हादसे के वक्त बस की रफ्तार का पता लगाया जा सके।
अंडरपास में अनियंत्रित होकर स्कूटी दीवार से टकराई, युवक की मौत
दूसरा हादसा डीएलएफ फेज-एक थाना क्षेत्र के ब्रिस्टल चौक अंडरपास में सोमवार देर रात ड़ेढ बजे हुआ, जहां एक ही स्कूटी पर सवार तीन युवक अनियंत्रित होकर अंडरपास की दीवार से टकरा कर सड़क पर गिर गए। डीएलएफ फेज-तीन के यू-ब्लॉक में रहकर निजी कंपनी में काम करने वाले तीन युवक देर रात डेढ़ बजे स्कूटी पर सवार होकर खाना खाने निकले थे। जैसे ही वे ब्रिस्टल चौक अंडरपास में पहुंचे, तेज रफ्तार स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई और अंडरपास में तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में स्कूटी पर सवार तीनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 25 वर्षीय वंश वाधवा निवासी पंजाब की मौत हो गई। जबकि रोहित और झनकिरत शुक्ला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीएलएफ फेज-एक थाना पुलिस ने मृतक के फोन में नोएडा में रहने वाले दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी। दोस्तों ने घटना के बारे में मंगलवार तड़के चार बजे के लगभग परिजनों को फोन किया गया।