बावल IMT में तांडव: दो कंपनियों में भीषण आग, 12 गाड़ियों की मदद से पाया गया काबू; दोबारा भड़की लपटें

Edited By Isha, Updated: 25 Sep, 2026 11:03 AM

havoc at bawal imt massive fire at two companies

आईएमटी बावल सेक्टर-3 में गुरुवार रात दो कंपनियों में लगी भीषण आग पर सुबह करीब सात बजे काबू पा लिया गया था। इसके करीब एक घंटे बाद आग फिर भड़क उठी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और दोबारा भड़की आग को बुझाने में जुट गई। हादसे में किसी...

बावल(महेंद्र भारती): आईएमटी बावल सेक्टर-3 में गुरुवार रात दो कंपनियों में लगी भीषण आग पर सुबह करीब सात बजे काबू पा लिया गया था। इसके करीब एक घंटे बाद आग फिर भड़क उठी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और दोबारा भड़की आग को बुझाने में जुट गई। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे स्मार्ट स्पेस सॉल्यूशंस कंपनी में लगी थी। यह इन्वर्टर-बैटरी चार्जिंग का काम करती है। आग ने देखते ही देखते पूरी कंपनी को चपेट में ले लिया और बाद में पास स्थित गुरु कृपा फुटवियर कंपनी तक पहुंच गई।

फुटवियर कंपनी में प्लास्टिक और रबर का सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के लिए बावल से तीन, रेवाड़ी से चार, धारूहेड़ा से एक, झज्जर से दो तथा राजस्थान के भिवाड़ी और घिलोठ से एक-एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। कुल 12 दमकल गाड़ियों ने करीब साढ़े नौ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह सात बजे आग पर काबू पाया।

रात में दोनों कंपनियों में शिफ्ट नहीं थी। स्मार्ट स्पेस सॉल्यूशंस में सिक्योरिटी गार्ड समेत दो-तीन कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। गुरु कृपा फुटवियर में रात के समय कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। आग से दोनों कंपनियों की इमारतों और अंदर रखे सामान को भारी नुकसान हुआ है। करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बावल-धारूहेड़ा क्षेत्र में इस साल औद्योगिक इकाइयों में आग लगने की यह चौथी बड़ी घटना बताई जा रही है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!