हरियाणा में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के वेतन में की ₹2,100 की बढ़ोतरी, कृष्ण बेदी ने निभाया वायदा

Edited By Harman, Updated: 02 Jul, 2026 06:56 PM

haryana rural sanitation workers salary hike

हरियाणा सरकार ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके मासिक वेतन में 2,100 रुपये की बढ़ोतरी करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) :  हरियाणा सरकार ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके मासिक वेतन में 2,100 रुपये की बढ़ोतरी करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि अब ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 16,000 रुपये के स्थान पर 18,100 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। यह बढ़ा हुआ वेतन 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा। मंत्री ने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण सफाई कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरा कर दिया है। इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री का जताया आभार
कृष्ण कुमार बेदी ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कोटि-कोटि आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और कर्मचारी हितों से जुड़े फैसले लेने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अंत्योदय कल्याण की सोच इस फैसले में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और राहत पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

सरकार ने निभाया अपना वादा

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि कुछ समय पहले ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने उनसे मुलाकात कर वेतन वृद्धि की मांग रखी थी। उन्होंने कर्मचारियों की इस मांग से मुख्यमंत्री को अवगत कराया था। मुख्यमंत्री ने उसी समय इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और इसे पूरा करने का भरोसा दिया था। अब सरकार ने अपना वादा निभाते हुए कर्मचारियों के वेतन में उल्लेखनीय वृद्धि कर अपनी कर्मचारी हितैषी सोच का परिचय दिया है।

ग्रामीण स्वच्छता में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका

कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी गांवों में स्वच्छता बनाए रखने, बीमारियों की रोकथाम और लोगों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कर्मठ कर्मचारियों के कार्य का सम्मान करते हुए सरकार ने उनके वेतन में बढ़ोतरी का फैसला लिया है।उन्होंने कहा कि बढ़े हुए वेतन से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह, समर्पण तथा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत होगी तथा सरकार के स्वच्छता अभियानों को भी नई गति मिलेगी।

पानीपत बैठक के बाद पूरा हुआ कर्मचारियों से किया गया वादा

मंत्री ने बताया कि कुछ दिन पहले पानीपत में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के साथ वेतन वृद्धि की मांग प्रमुखता से उठाई थी। कृष्ण कुमार बेदी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया था।
सरकार द्वारा अब वेतन वृद्धि का निर्णय लागू किए जाने के बाद ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। कर्मचारी संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे उनके लंबे संघर्ष की बड़ी सफलता और सरकार की सकारात्मक पहल बताया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!