Edited By Isha, Updated: 13 Aug, 2025 04:46 PM

हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में हरियाणा पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की आधिकारिक वैबसाइट का शुभारंभ किया।
चंडीगढ़: हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में हरियाणा पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की आधिकारिक वैबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वैबसाइट प्रदेश की पुरातात्विक विरासत व सांस्कृतिक समृद्धता को देश-दुनिया के सामने पहुंचाने का बेहतरीन मंच साबित होगी।
कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की वैबसाइट लांच करते हुए कहा कि यह डिजीटल पहल विरासत संरक्षण में तकनीक के सफल समावेशन का प्रतीक है, जो पारदर्शिता, शिक्षा और जनभागीदारी को बढ़ावा देगी।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह वैबसाइट हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और विश्व स्तर पर प्रदर्शित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने इस दौरान विभाग के विभिन्न प्रोजैक्ट्स की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने वैबसाइट की जानकारी देते हुए बताया कि यह वैबसाइट हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत को डिजीटल माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने का एक व्यापक मंच है। इसमें राज्य संरक्षित स्मारक, पुरातात्विक स्थल, संग्रहालय, खुदाई और शोध प्रकाशनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। साथ ही विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की ताजा अपडेट भी दी जाएगी।