Edited By Mohammad Kumail, Updated: 10 Aug, 2023 04:50 PM

आम आदमी पार्टी हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि मणिपुर से लेकर हरियाणा में दंगे करवाने वाली सिर्फ भाजपा पार्टी ही है। नूंह घटना में भी सरकार के इशारे पर आप नेता जावेद पर एफआईआर दर्ज कर झूठा फंसाया गया...
चरखी दादरी (पुनीत श्योराण) : आम आदमी पार्टी हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि मणिपुर से लेकर हरियाणा में दंगे करवाने वाली सिर्फ भाजपा पार्टी ही है। नूंह घटना में भी सरकार के इशारे पर आप नेता जावेद पर एफआईआर दर्ज कर झूठा फंसाया गया। खुद दंगे करवाकर दूसरी पार्टियों के नेताओं पर झूठी एफआईआर दर्ज करवाना भाजपा की फितरत बन गई है। राजनीतिक लाभ लेने के चक्कर में भाजपा प्रतिनिधि मंडल तो नूंह पहुंचता है लेकिन दूसरी पार्टियों को रोका जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा दंगे भड़काने में लगी हुई है।
अनुराग ढांडा ने दादरी के लघु सचिवालय परिसर में चल रहे लिपिकों व आशा वर्कर्स धरनों पर समर्थन दिया और मीडिया से बात की। कर्मचारियों के धरनों पर संबोधित करते हुए आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर पहली कलम से लिपिकों व कर्मचारियों को पूरा वेतन दिया जाएगा। प्रदेश की गठबंधन सरकार से कर्मचारी ही नहीं बल्कि हर वर्ग नाराज है। कर्मचारियों की हड़ताल की सीधे रूप से प्रदेश की खट्टर सरकार जिम्मेदार है। जितना हड़ताल के दौरान नुकसान हुआ, उतना कई वर्षों तक कर्मचारियों का बढ़ा हुआ वेतन दिया जा सकता था।
प्रेस से बात करते हुए अनुराग ढांडा ने कहा कि नई भर्ती के नाम पर हरियाणा सरकार गीदड़ भभकियां दे रही है। आप पार्टी किसी भी सूरत में नई भर्ती नहीं करने देगी, पुराने कर्मचारियों को घर बैठाया तो सरकार के प्रतिनिधियों को घरों से नहीं निकलने देंगे। कहा कि खट्टर सरकार का विनाश समय नजदीक आ गया है और उनकी बुद्धि काम करना छोड़ गई। अगर ऐसा नहीं होता तो आज कर्मचारियों को रोड पर आने की नौब्बत नहीं आती। नौकरियों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे, भर्ती व विकास को लेकर उन्होंने सरकार को खुले मंच पर बहस की चुनौति दी। साथ ही कहा कि आप पार्टी हरियाणा में किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। बल्कि गांव व बूथ स्तर पर संगठन का विस्तार कर पंजाब की तर्ज पर करिश्मा कर सरकार बनाकर दिखाएगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)