Edited By Manisha rana, Updated: 27 May, 2026 03:45 PM

हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पवित्र धाम श्री सोमनाथ मंदिर प्रभास पाटन, वेरावल (गुजरात) की निशुल्क यात्रा करवाई जाएगी।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पवित्र धाम श्री सोमनाथ मंदिर प्रभास पाटन, वेरावल (गुजरात) की निशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। इस संबंध में उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व एवं मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 8 जून को विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। मुख्यमंत्री इस ट्रेन को कुरुक्षेत्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत यात्रा पूरी तरह निशुल्क होगी। श्रद्धालुओं के रहने, खाने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का खर्च हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इच्छुक पात्र श्रद्धालु 6 जून तक सरल हरियाणा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति तीन वर्षों में केवल एक बार ही इस योजना का लाभ उठा सकता है।
उन्होंने कहा कि पंजीकरण करवाने वाले सभी लाभार्थियों को 6 जून तक लघु सचिवालय स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में अपनी सूचना देना अनिवार्य होगा, ताकि यात्रा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें। उपायुक्त ने पात्र बुजुर्गों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए वैध फोटो पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), यात्रा के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट तथा पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने संबंधी घोषणा पत्र जरूरी होगा। आवेदक का हरियाणा निवासी होना भी अनिवार्य है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)