Edited By Yakeen Kumar, Updated: 16 Sep, 2025 08:19 PM

बाढ़ और जलभराव से इन क्षेत्रों में जहरीले सांपों का खतरा भी बढ़ गया जिस वजह से करैत और कोबरा जैसे खतरनाक सांप लोगों को डस रहे हैं।
भिवानी : भिवानी जिले के 20 से अधिक गांव बाढ़ और जलभराव से बुरी तरह प्रभावित हैं। अब इन क्षेत्रों में जहरीले सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। खासकर करैत और कोबरा जैसे खतरनाक सांप लोगों को डस रहे हैं। पिछले 20 दिनों में गोरक्षा दल से जुड़ी युवा टीम ने 500 से अधिक सांप पकड़े हैं। इनमें 150 से ज्यादा करैत प्रजाति के हैं, जबकि सबसे अधिक संख्या में धामण सांप मिले हैं।
इसके अलावा वोल्फ स्नेक और पानी वाले कुकरी सांप भी बड़ी संख्या में देखे गए हैं। कई सांप पुलिस अधीक्षक आवास परिसर और स्कूलों तक में पाए गए। पकड़े गए सभी सांपों को गोरक्षक सुरक्षित रूप से शहर और गांव के बाहरी जंगल व बणी क्षेत्रों में छोड़ रहे हैं।
वन्य विभाग के पास कर्मचारियों की कमी
वन्य प्राणी विभाग के पास कर्मचारियों की कमी के कारण गोरक्षा दल को ही 3 स्नेक कैचर उपकरण दिए गए हैं और वे ही सांप पकड़ने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अग्निशमन विभाग भी इस टीम की मदद कर रहा है।
झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें: सिविल सर्जन
भिवानी के सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने कहा कि बारिश और जलभराव के कारण सांपों की गतिविधि बढ़ी है। उन्होंने बताया कि जिले में सांप काटने पर उपयोग होने वाली पर्याप्त एंटी-स्नेक वैनम दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और तुरंत नजदीकी अस्पताल जाकर उपचार कराएं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)