Edited By Isha, Updated: 11 Sep, 2026 07:25 PM

दातौली गांव में शुक्रवार को हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत पुलिसकर्मी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर
गन्नौर(कपिल): दातौली गांव में शुक्रवार को हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत पुलिसकर्मी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय जय सिंह करीब दो वर्ष पहले हरियाणा पुलिस में ईएसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह गांव में रहकर खेतीबाड़ी करते थे।
उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा गौरव मेहनत-मजदूरी करता है, जबकि छोटा बेटा नितिन दमकल विभाग में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में जय सिंह ने गांव के ही सत्ता नाम के व्यक्ति पर 22 लाख रुपये वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। नोट में लिखा है कि उन्होंने सत्ता को 22 लाख रुपये दिए थे। रुपये वापस मांगने पर वह आनाकानी करने लगा। आरोप है कि जब जय सिंह रुपये मांगने उसके घर गए तो उनके साथ मारपीट की गई तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
सुसाइड नोट में इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। बड़ी थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। स्वजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।