कुरुक्षेत्र: भाखड़ा नहर में तैरता मिला बुजुर्ग का शव, राहगीरों की सूचना पर पहुंचे गोताखोर... इलाके में दहशत।

Edited By Isha, Updated: 07 Mar, 2026 01:50 PM

elderly man s body found floating in bhakra canal

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में भाखड़ा नहर से एक अज्ञात बुजुर्ग का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह शव गांव डल्ला माजरा के पास नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में बहता हुआ मिला।

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में भाखड़ा नहर से एक अज्ञात बुजुर्ग का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह शव गांव डल्ला माजरा के पास नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में बहता हुआ मिला। राहगीरों ने नहर में शव को बहते देखा तो इसकी सूचना गोताखोर प्रगट सिंह को दी। सूचना मिलते ही गोताखोर प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे और नहर में उतरकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पुलिस के हवाले कर दिया गया। 

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया है और पहचान के लिए 72 घंटे के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 60 से 65 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। उसने सफेद-नीली लाइनदार कमीज और काले-ग्रे रंग की पैंट पहन रखी थी। उसके हाथ में तांबे का कड़ा भी मिला है। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक शव करीब एक से दो दिन पुराना लग रहा है।

पुलिस का मानना है कि शव संभवतः अंबाला या पंजाब क्षेत्र से बहकर नहर में यहां तक पहुंचा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अंबाला और पंजाब पुलिस से भी संपर्क किया गया है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस को बुजुर्ग के आत्महत्या करने की आशंका है, हालांकि मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!