Edited By Isha, Updated: 03 Jun, 2026 12:01 PM

गांव तलवाड़ा खुर्द में सोमवार रात साढ़े नौ बजे सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य रात का भोजन करने के बाद
ऐलनाबाद : गांव तलवाड़ा खुर्द में सोमवार रात साढ़े नौ बजे सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य रात का भोजन करने के बाद गांव की फिरनी पर टहल रहे थे। इसी दौरान नशे में धुत्त चालक ने अपनी गाड़ी से परिवार को रौंद दिया। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस को दिए बयान में गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी जगमोहन कुमार ने बताया कि सोमवार रात वह अपनी पत्नी सोनू रानी (35), बेटी पीहू (14), बेटी सेजल (8), रिश्तेदार निधि और उसके 12 वर्षीय पुत्र पार्थ के साथ गांव की फिरनी पर घूम रहे थे। इसी दौरान सामने से आई तेज रफ्तार में सफेद रंग की अर्टिगा कार गलत दिशा से आते हुए उन्हें कुचलते हुए खेतों में जा घुसी। ग्रामीणों ने मौके पर नशे में धुत्त चालक को पकड़ लिया। आरोपित की पहचान गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी प्रगट सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक का मेडिकल परीक्षण करवाकर उसके खून और यूरिन के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं।
हादसे में घायल सभी लोगों को पहले सरकारी अस्पताल ऐलनाबाद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोनू रानी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर किया गया। स्वजनने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। पीहू और निधि का उपचार सिरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि पार्थ दूसरे अस्पताल में भर्ती है। सेजल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं ऐलनाबाद थाना पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।