Edited By Isha, Updated: 08 Mar, 2026 02:57 PM

यमुनानगर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 520 ग्राम स्मैक बरामद की है
यमुनानगर ( सुरेंद्र मेहता): यमुनानगर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 520 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति इलाके में स्मैक की सप्लाई करने के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही टीम ने शांति कॉलोनी के पास नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से करीब 520 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जावेद और आसिफ के रूप में हुई है, जो पानीपत जिले के जलालपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में शामिल रह चुके हैं और उनके खिलाफ पहले से कई केस दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि ये आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गए थे और क्षेत्र में स्मैक की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह स्मैक कहां से लाई गई थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम खुलासे हो सकते हैं।