Edited By Manisha rana, Updated: 15 May, 2026 02:31 PM

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहित अपील को अमली जामा पहनाते हुए एक सकारात्मक मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने निवास स्थान से ई-रिक्शा में सवार होकर लघु सचिवालय पहुंचे।
जींद (अमनदीप पिलानिया) : हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहित अपील को अमली जामा पहनाते हुए एक सकारात्मक मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने निवास स्थान से ई-रिक्शा में सवार होकर लघु सचिवालय पहुंचे। इस दौरान अपनी सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी कर्मियों को भी ई-रिक्शा में साथ बिठाकर ले गए।
कृष्ण मिड्डा ने बताया कि पीएम मोदी बार-बार पेट्रोल और डीजल की बचत पर जोर देते रहे हैं। इस अपील को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वाहन के बजाय ई-रिक्शा का इस्तेमाल करने का फैसला किया। उन्होंने कहा, "छोटे-छोटे कदमों से ही बड़े बदलाव आ सकते हैं। पेट्रोल-डीजल बचाना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।"
सादगी का प्रतीक बना सफर
सुरक्षा घेरे में रहने वाले डिप्टी स्पीकर का यह सादगी भरा सफर जींदवासियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। लोग इस कदम की सराहना कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि नेता अगर ऐसे उदाहरण पेश करें तो आम जनता भी पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में प्रेरित हो सकती है। मिड्डा जींद से तीन बार के विधायक हैं और हाल ही में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर पद पर नियुक्त हुए हैं। वे पहले भी जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया रखते रहे हैं।
PM मोदी की अपील का पालन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल के संबोधनों में पेट्रोल-डीजल की बचत, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने की अपील की थी। डिप्टी स्पीकर का यह कदम ठीक उसी अपील को साकार करने की दिशा में माना जा रहा है। इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा बटोरी है, जहां लोग डिप्टी स्पीकर को "सादगी के प्रतीक" कह रहे हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)