डेयरी में मिला 55 वर्षीय बुजुर्ग का शव, मारपीट कर गला रेत कर की गई है हत्या

Edited By Manisha rana, Updated: 13 Sep, 2020 10:41 AM

dead body man found in dairy beaten to death

रोहतक जिले के मोखरा गांव में पशुओं की डेयरी में सो रहे एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना का पता उस समय चला जब परिवार...

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक जिले के मोखरा गांव में पशुओं की डेयरी में सो रहे एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना का पता उस समय चला जब परिवार के लोग सुबह डेयरी में पहुंचे। हत्या की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद बहु अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। वहीं डीएसपी महेश कुमार ने भी मौके का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है और परिजनों के बयान पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

मोखरा गांव का रहने वाला 55 वर्षीय राजवीर मोखरा खरखड़ा रोड पर एक पशुओं की डेरी चलाता था। हर रोज की तरह वह अपनी डेयरी में पशुओं की रखवाली के लिए सो रहा था। सुबह जब परिजन डेयरी में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि राजवीर का शव खून से लथपथ हालत में डेरी में पड़ा हुआ है। जिसके शरीर पर चोट के निशान हैं तथा मारपीट के बाद किसी तेजधार हथियार से गला भी रेता गया है।

परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तथा जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। परिजनों का कहना है कि यह सोची समझी साजिश के तहत की गई हत्या है और आपसी रंजिश के चलते ही इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। उनका कहना है कि हत्यारे एक से ज्यादा हो सकते हैं। क्योंकि जिस तरह से हाथापाई और मारपीट के निशान हैं उससे कई हत्यारों के होने का अंदेशा लग रहा है।

डीएसपी महेश कुमार का कहना है कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली वे मौके पर पहुंचे हैं और पुलिस ने मौका ए वारदात के तथ्य जुटाकर अपनी जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला रंजिश का लग रहा है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!