होड़ल में बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का डीसी और विधायक ने लिया जायजा, अधिकारियों की ली क्लास

Edited By Harman, Updated: 05 May, 2026 03:00 PM

dc and mla inspect brij 84 kos parikrama route in hodal

: पलवल, बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुलभ व सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से होडल के विधायक हरेंद्र सिंह ने जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के साथ परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले गांव डाढका, सौंध, बंचारी, डकोरा, मर्रोली,...

पलवल (दिनेश कुमार) : पलवल, बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुलभ व सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से होडल के विधायक हरेंद्र सिंह ने जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के साथ परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले गांव डाढका, सौंध, बंचारी, डकोरा, मर्रोली, खाम्बी, लिखी, हसनपुर का दौरा किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम बलीना, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया और संबंधित गांवों के पंच-सरपंच भी मौजूद रहे।

PunjabKesari

होडल विधायक हरेंद्र सिंह ने डीसी डॉक्टर हरीश वशिष्ठ के साथ परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण के दौरान बिजली, पेयजल, साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग पर कहीं भी मूलभूत सुविधाओं की कमी न रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि बृज 84 कोस परिक्रमा यात्रा पूरी तरह सुगम और सुरक्षित होनी चाहिए, ताकि किसी भी यात्री को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि मार्ग के कुछ स्थानों पर गड्ढे तथा जलभराव की समस्या सामने आई है, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

PunjabKesari

होडल विधायक हरेंद्र सिंह ने बताया कि बृज 84 कोस परिक्रमा यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बृज विकास बोर्ड की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री स्वयं बृज 84 कोस परिक्रमा के विकास कार्यों पर संज्ञान ले रहे है। उन्होंने बताया कि बृज 84 कोस परिक्रमा यात्रा ऐतिहासिक होगी,जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेगें। बृज 84 कोस परिक्रमा 16 मई से शुरू होगी। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा (लगभग 252 किमी) भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थली मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और आसपास के 12 वनों, 24 उपवनों तथा सैकड़ों कुंडों की एक पवित्र तीर्थ यात्रा है। यह यात्रा यूपी, राजस्थान और हरियाणा के क्षेत्रों को कवर करती है। जिसमें 35 से 40 दिनों तक श्रद्धालु पैदल यात्रा करते है। मान्यता है कि यह परिक्रमा 84 लाख योनियों के बंधन से मुक्ति दिलाती है।
 
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने गांव बंचारी में दाऊजी मंदिर पर तथा डकोरा में आर.ओ. वाटर सिस्टम को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग से पानी की निकासी बेहतर ढंग से व्यवस्थित की जाए। जिन स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर बदलने की आवश्यकता है वहां नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम करने के शिविरों में बिजली, पानी, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। परिक्रमा मार्ग की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके अलावा उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क मार्ग के सौंदर्यीकरण, जगह-जगह बैठने की व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, विश्राम स्थलों और चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की योजना पर भी चर्चा की।

उपायुक्त ने कहा कि बृज 84 कोस परिक्रमा क्षेत्र का समग्र विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा करें और नियमित रूप से उनकी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करें। वहीं हसनपुर ब्लॉक के सरपंच एसोसिएशन के प्रधान मनोज सरपंच ने कहा कि विधायक और जिला उपायुक्त की बेहद सराहनीय पहल है सभी अधिकारियों को साथ लेकर उन्होंने परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया है और साथ ही परिक्रमा मार्ग में पाई गई खामियों को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग में लाखों श्रद्धालु आते हैं इसलिए उन्हें सुविधाओं का अभाव न हो उसके लिए जो पहल की गई है उससे साफ जाहिर है कि देश के कोने कोने से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होगी।


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!