चंडीगढ़ में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर छोड़ा वाटर कैनन, कई नेता-कार्यकर्ता हिरासत में

Edited By Krishan Rana, Updated: 25 Sep, 2026 07:50 PM

congress protests against cec gyanesh kumar in chandigarh police use water can

हरियाणा कांग्रेस ने शुक्रवार को वोट चोरी के मुद्दे पर चंडीगढ़ में मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड के पास बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।

PunjabKesari

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर-17 थाने ले जाया गया। कांग्रेस ने देशभर में 25 सितंबर को ऐसे प्रदर्शन का आह्वान किया था।  

PunjabKesari

 

प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के साथ उनके कार्यकाल में लिए गए चुनाव संबंधी निर्णयों, मतदाता सूचियों में बदलाव तथा विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा की मांग उठाई। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार ज्ञानेश कुमार वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त हैं और उन्होंने 19 फरवरी 2025 को पदभार संभाला था।


मतदाता सूची को लेकर पारदर्शिता की मांग
संजय दत्त ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। मतदाता सूची से जुड़े किसी भी निर्णय में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकार सर्वोपरि हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण चुनावी फैसलों और मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने हाल में चुनाव आयोग के भीतर एसआईआर से जुड़े मुद्दों पर सामने आई आपत्तियों का भी हवाला दिया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कुछ चुनावी प्रक्रियाओं और फैसलों को लेकर कई बार आपत्तियां दर्ज की थीं। कांग्रेस ने इन विषयों से जुड़े दस्तावेजों और प्रक्रियाओं को सार्वजनिक करने की मांग की है। 

PunjabKesari
 

हुड्डा, बीरेंद्र सिंह समेत कई नेताओं ने उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता बीरेंद्र सिंह ने संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने और सभी सवालों का तथ्यों के आधार पर समाधान किए जाने की बात कही।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम उचित प्रक्रिया के बिना नहीं हटना चाहिए। बृजेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय करने और शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने नए और युवा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया।

PunjabKesari

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची में बदलावों से जुड़े सवालों का जवाब मिलना चाहिए। पार्टी ने इसे ‘वोट चोरी’ का मुद्दा बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग दोहराई। ये आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं। 

प्रदर्शन में विधायक अशोक अरोड़ा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, सांसद जयप्रकाश, सतपाल ब्रह्मचारी, वरुण मुलाना, विधायक आदित्य सुरजेवाला, आफताब अहमद, बलवान दौलतपुरिया, पूजा मुलाना, राजवीर, विकास, बलराम डांगी, नरेश सेलवाल, निर्मल सिंह, प्रो. वरिंदर सिंह, करण दलाल, पर्ल चौधरी, संजीव भारद्वाज और सुधा भारद्वाज सहित जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!