BJP ने विजेता नेताओं के नागरिक अभिनंदन से किया विधानसभा चुनाव जीतने के लिए आगाज

Edited By Isha, Updated: 23 Jun, 2024 05:12 PM

bjp began to win the assembly elections by congratulating the winning leaders

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रभारियों एवं विजेता नेताओं के नागरिक अभिनंदन समारोह से विधानसभा चुनाव में विजय के लिए आगाज कर दिया है। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री और हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव सह प्रभारी

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):  हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रभारियों एवं विजेता नेताओं के नागरिक अभिनंदन समारोह से विधानसभा चुनाव में विजय के लिए आगाज कर दिया है। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री और हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव सह प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब और मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। रोहतक में नागरिक अभिनंदन में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा में 19 हजार 812 बूथ हैं, 7212 गांव हैं और 22 जिले हैं, लेकिन विधानसभ चुनाव के लिए हमारे पास सिर्फ 100 दिन हैं।

कांग्रेस ध्यान रखे कि अब तो 20-20 का जमाना है। प्रधान ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाकर प्रदेश को फिर से लूटने का मुगालता छोड़ दे, क्योंकि हरियाणा में भाजपा तीसरी बार जनता की सेवा करने के लिए सरकार बनाने जा रही है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जनता कांग्रेस के षडयंत्र को समझे, कांग्रेस बहरूपिया है। कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हरियाणा में दलित परिवारों, किसानों, वंचितों और अंबेडकर के संविधान के साथ हुए अत्याचारों को प्रदेश की जनता भूली नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यहां से संकल्प लेकर जाना है कि जब तक हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक रुकेंगे नहीं।

धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कोई भी कठिन काम तभी पूरा कर पाते हैं, जब सैनिक का मन खुश होता, सैनिक अपने सेनापति पर भरोसा करता हो, और आपके सेनापति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि देश में कठिन से कठिन काम को हमने जीता है, देश की जनता ने आज भी हम पर भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं। उन्होंने कहा कि तीन साल के अंदर 2027 तक भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेंगा और इस अर्थव्यवस्था में हरियाणा के छोरों और छोरियों को बड़ा हिस्सा मिलेगा।  केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की लूट खसोट, दलित विरोधी और परिवारवाद का शासन नहीं आने देंगे।  इसलिए सभी भाजपा के कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं और हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं। 

केंद्र में हरियाणा को बड़ी जिम्मेदारी
केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि महाभारत की इस इतिहास रचने वाली भूमि ने हमें जो स्नेह दिया उसके हम सदा आभारी रहेंगे। आप ही के समर्थन से पिछले 10 साल से गरीबों, किसानों की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हरियाणा का मान ऊपर रखा और अब हरियाणा के सपूतों को बड़ी जिम्मेदारी है। विधानसभा चुनाव के लिए हम सभी को कमर कसनी पड़ेगी, क्योंकि भाजपा की सरकार हरियाणा में तीसरी बार बनानी है। यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ही संभव होगा। 


केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हम लूट खसोट की राजनीति नहीं करते। हम सर्व समाज और सर्व समावेशी सरकार चलाने के मंत्र से चलते हैं। धर्मेंद्र ने कहा कि बाबा साहेब को नरेंद्र मोदी ने ही सम्मान दिया। ओबीसी को संवैधानिक मान्यता मोदी ने दी, गरीबों को आरक्षण मोदी ने दिया। जब तक मोदी है तब तक आरक्षण को कोई आंख उठाकर भी नहीं देख सकता। 
 

हरियाणा में बाप-बेटे की सरकार नहीं बनेगी, सरकार गरीब-किसान की बनेगी: बिपल्ब कुमार देब

हरियाणा भाजपा चुनाव सह प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब ने जय जगन्नाथ और जय श्रीराम से भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि चार माह से कांग्रेस यह बात फैला रही है कि हरियाणा में सरकार बदलेगी, लेकिन भाजपा और प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि हरियाणा में कोई बाप-बेटे की सरकार नहीं बनेगी, सरकार बनेगी तो गरीब-किसान की सरकार बनेगी। बिप्लब ने कहा कि बाप-बेटा सत्ता में आने की जो आस लगाए बैठे हैं उन्हें कह देना चाहते हैं कि हम मनोहर लाल के रूप में करंट मंत्री अपने साथ लेकर आए हैं। मनोहर लाल के पास बिजली के अलावा शहरी विकास मंत्रालय भी है और वे हरियाणा को सजाने में कोई कसर नहीं छोडेगें। 

बिप्लब ने भूपेंद्र और दीपेंद्र को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चार महीने में हरियाणा में नहीं आया तो बाप बेटे को लगा कि हम चले गए हैं, लेकिन हम फिर आ गए नए जोश के साथ। भाजपा किसी एक परिवार के साथ नहीं चलने वाली, हम किसान मजदूर के साथ चलने वाले लोग हैं। चुनाव सह प्रभारी बिपल्ब कुमार देब ने कहा कि हम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सहित सभी विरोधी पर्टियों को उखाड़कर फेंक देंगे। तीसरी बार भी हरियाणा में भाजपा की सरकार होगी। देब ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा लोगों को बहकाने लगे हैं कि हरियाणा को चमकाएंगे, लेकिन 10 साल जनता ने हरियाणा में कांग्रेस की जब सरकार बनाई थी तो आपने क्या किया?

अपने शासनकाल को खंगालकर देखें तो पता चलेगा कि उस समय हरियाणा में जंगल राज था। बिप्लब ने कहा कि आज भाजपा की सरकार जनता और किसानों की सरकार है। गरीब, मजदूरों, किसानों, युवाओं का राज है। हम कोई परिवार के लिए काम नहीं करते, हम जनता के लिए किसानों नौजवानों के लिए काम करते हैं। 
 
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हथकंडे फैलाए, इस चुनाव में सावधान रहें: मनोहर लाल 

केंद्रीय बिजली एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हथकंडे फैलाए, कुछ लोग उनकी बातों में फंस गए। अब विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ऐसे हथकंडे अपनाएगी। कुछ नई झूठी बातें भी लेकर वे आ सकते हैं, लेकिन आपको उनकी बातों से सावधान रहना है। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं लेने दिया गया, कांग्रेस में भ्रष्टाचार था, धींगा मस्ती चलती थी। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता का काम आज नहीं तो कल हो ही जाएगा, लेकिन अगर कांग्रेस आती है तो वही धींगा मस्ती, भाई भतीजाववाद, भ्रष्टाचार और अपनों को रेवड़ी बांटने वाली सरकार बनाएगी। इनसे सावधान रहें। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार को 10 साल होने जा रहे हैं, हमने जनता को सहुलियत पहुंचाने के लिए टेक्नॉलॉजी का इस्तेमाल किया। 
 
तीन महीने बाद कांग्रेस के झूठ की नींव ढह जाएगी: मुख्यमंत्री नायब सैनी

नागरिक अभिनंदन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान भगवान जगन्नाथ की विजय का रथ हरियाणा लेकर आए हैं। देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रहा है हरियाणा भी उनके साथ मजबूती से चलेगा। हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकारा बनेगी, उसका आगाज आज रोहतक से हो गया है। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह झूठ का सहारा लेकर अपनी नींव खड़ी की है, आने वाले तीन महीने के बाद वो नींव हरियाणा में ढह जाएगी और भाजपा तीसरी बार हरियाणा में आएगी। हरियाणा की जनता ने संकेत दिया है कि इस बार फिर भाजपा को जिताएंगे, क्योंकि 10 साल में भाजपा ने महिलाओं, युवाओं, किसानों के हित में काम किया है, उसी का परिणाम है कि कांग्रेस का झूठ अब चलने वाला नहीं। भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के बीच में कांग्रेस के झूठ का नाकाब उतारेगा। 

 पसीना बहाकर बनाएंगे सरकार: कृष्णपाल गुर्जर 
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। जैसे हमने अपना पसीना केंद्र में भाजपा सरकार बनाने के लिए बहाया, ऐसे ही अगले तीन महीने पूरा पसीना बहाकर हरियाणा में भाजपा की सरकार बनानी है। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि ये संकल्प हमें यहां से लेकर जाना है और हर कार्यकर्ता सरकार बनाने में जुट जाएं।

मंच पर ये भी रहे मौजूद 
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेशाअध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ सुधा यादव, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद धर्मवीर सिंह, सांसद नवीन जिंदल, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, भाजपा के वरिष्ठ नेता रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा प्रदेश महामंत्री मोहन बड़ौली, पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ बनवारी लाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद संजय भाटिया, शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, सिंचाई मंत्री अभय सिंह यादव, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पवार एवं सुभाष बराला, वित्त मंत्री जेपी दलाल, कार्तिक शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका आदि वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने किया।

 

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!