Edited By Krishan Rana, Updated: 27 Mar, 2026 04:26 PM

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि
हरियाणा डेस्क : इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरसों की खरीद, LPG गैस की कथित किल्लत, पेट्रोल-डीजल की स्थिति और राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग जैसे कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
अभय चौटाला ने बताया कि 12 मार्च को इनेलो का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सरसों की खरीद को लेकर मिला था। उस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि मंडियां खुली रहेंगी और लाइसेंस आढ़तियों को जारी किए जाएंगे। लेकिन, चौटाला के अनुसार आज भी पुराने आदेश लागू हैं और जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर इनेलो ने राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा है। चौटाला ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि अधिकारी मुख्यमंत्री की बात भी नहीं मानते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को परेशानी हुई और व्यापारियों के लाइसेंस रिन्यू नहीं किए गए, तो पार्टी इस मुद्दे को हर जिले और हर स्तर पर उठाएगी।
सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को मंडियों में फसल बेचने से रोकने और MSP से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा साफ नहीं है।
मैने खुद सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी को कॉल किया
मिडिल ईस्ट में चल रही ईरान-इजरायल की लड़ाई का जिक्र करते हुए चौटाला ने आरोप लगाया कि इस स्थिति का फायदा उठाकर आम जनता को परेशान किया जा रहा है, जबकि सरकार अपने करीबियों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने दावा किया कि लोग LPG सिलेंडर के लिए लाइनों में लगे हैं और ब्लैक में गैस बेची जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि खुद उनके द्वारा गैस एजेंसी से संपर्क करने पर गैस उपलब्ध न होने की बात कही गई, जबकि बाजार में ऊंचे दामों पर गैस मिल रही है।
इसके अलावा उन्होंने पेट्रोल-डीजल की किल्लत का भी मुद्दा उठाया और कहा कि फतेहाबाद समेत कई क्षेत्रों में हालात खराब हैं।
क्रॉस वोटिंग पर दिया बयान
क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर बोलते हुए अभय चौटाला ने निर्दलीय उम्मीदवार देवेंद्र कादियान के बयान को गलत बताया, जिसमें इनेलो के दो विधायकों के उनके साथ नामांकन भरने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित चैनल और पत्रकार को नोटिस भेजा जाएगा कि झूठी अफवाह क्यों फैलाई गई।
राज्यसभा चुनाव के दौरान हुड्डा को सब पता था
वहीं, उन्होंने कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा। चौटाला ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान हुड्डा को सब पता है किसने क्रॉस वोट किए और किसने इनवेलिड किए हैं। हुड्डा 3 बजे तक राज्यसभा चुनावों के लिए विधानसभा में रहे हैं। उनके सामने सब हुआ लेकिन अब कुछ बोल नहीं रहे। अब वे इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)